गौवंश की हत्या कर मांस पकाने का सनसनीखेज मामला आया सामने, महिलाओं सहित 9 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गये जेल।

बलरामपुर : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रनहत चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदौरा में गोवंश (गाय) की हत्या कर उसका मांस पकाने और खाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए महिलाओं सहित कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब चंदौरा निवासी प्रार्थी सुदन हड्डे ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 सितंबर को उसकी गाय चरने के दौरान पास के जंगल में लापता हो गई थी। खोजबीन के दौरान 24 सितंबर को गांव के ही धर्मजीत अगरिया के घर के समीप बने सोख्ता गड्ढे से गाय के चार कटे हुए पैर बरामद हुए।

घटना के उपरांत गांव में पंचायत की बैठक बुलाई गई। पूछताछ के दौरान संदेहियों ने किसी भी तरह से अपराध से इंकार नहीं किया और गाय को मारकर पकाने व खाने की बात स्वीकार कर ली।

प्रार्थी की शिकायत और पंचायती निर्णय के आधार पर रनहत पुलिस ने क्षेत्र में दबिश देकर घटना में शामिल सभी नौ आरोपियों—राजेश कुम्हरिया, प्रदीप चरगट, धर्मजीत अगरिया, रविशंकर, अमरसाय, नधुराम, कोमला, फुलबसिया और रेशमा उर्फ हुगली (सभी निवासी चंदौरा) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की है। पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रक्रिया अपनाई जायेगी।