रायपुर : ट्यूलीप एरिना होटल में 28.16 लाख रुपये का गबन, दो अकाउंटेंट पर FIR दर्ज; जांच में जुटी पुलिस।

रायपुर : तेलीबांधा थाना क्षेत्र के फुंडहर स्थित ट्यूलीप एरिना होटल में 28.16 लाख रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। होटल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने सीनियर अकाउंटेंट हिमांशु त्रिपाठी और जूनियर अकाउंटेंट नजीप जांगड़े के विरुद्ध धोखाधड़ी का केस दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। दोनों कर्मचारियों पर कंपनी के बैंक खाते से अनाधिकृत रूप से भारी-भरकम राशि ट्रांसफर करने का आरोप है।

ऑडिट में उजागर हुआ फर्जीवाड़ा :

होटल के वार्षिक ऑडिट के दौरान वित्तीय विसंगतियों का खुलासा हुआ। गड़बड़ी सामने आने के बाद होटल के ऑपरेशन मैनेजर संजीव कुमार ने तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपी कंपनी के बैंक खाते से भुगतान करने के लिए अधिकृत थे। उन्होंने अपने इस अधिकार का दुरुपयोग करते हुए कंपनी के खाते से रकम अपने और अन्य परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली। होटल के लेजर में इन फर्जी लेन-देन को विभिन्न व्यक्तियों और फर्मों को किए गए वास्तविक भुगतान के तौर पर दर्ज किया गया था।

हिमांशु पर 22.34 लाख और नजीप पर 5.81 लाख रुपये के गबन का आरोप :

जांच विवरण के मुताबिक, सीनियर अकाउंटेंट हिमांशु त्रिपाठी पर करीब 22.34 लाख रुपये और जूनियर अकाउंटेंट नजीप जांगड़े पर 5.81 लाख रुपये का अनधिकृत ट्रांसफर करने का आरोप है। इसके अलावा, होटल की काउंटर कैश बिलिंग से मिली नकदी को खुद रखकर रिकॉर्ड में उसे फर्जी UPI भुगतान के तौर पर दिखाने की बात भी सामने आई है।

डिजिटल रिकॉर्ड और सॉफ्टवेयर में छेड़छाड़ :

गड़बड़ी को छिपाने के लिए आरोपियों ने कंपनी के लेखा रिकॉर्ड, कंप्यूटर सिस्टम, अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर और ई-मेल डेटा में भी गंभीर छेड़छाड़ की। प्राथमिक पूछताछ में किसी भी वित्तीय हेरफेर से इंकार करने की कोशिश की गई, किंतु ऑडिट में डिजिटल साक्ष्य स्पष्ट मिले हैं।

तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक लेन-देन, अकाउंटिंग रिकॉर्ड और कंप्यूटर सिस्टम के डिजिटल डेटा को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि ट्रांसफर की गई रकम किन-किन खातों में भेजी गई और उसका किस तरह उपयोग हुआ। मामले में संलिप्त पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जायेगी।