धमतरी : जिले में चंगाई सभा के विरोध को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है, कई बार इसाई मिशनरियों की प्रार्थना सभाओं के कारण राज्य का माहौल खराब हो रहा है, बार-बार विवाद की स्थित निर्मित हो रही है, जिससे हिंदूवादी संगठन भी उग्र हो रहे है, और पुलिस को व्यवस्था बनाये रखने में कड़ी मशक्कत भी करनी पड़ रही है। वहीँ अब इस मामले में भी बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग सिटी कोतवाली पहुंचे और हिंदू जागरण मंच के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया। इस दौरान थाने के बाहर नारेबाजी और हंगामे की स्थिति बनी रही।
सिटी कोतवाली के बाहर किया प्रदर्शन :
जानकारी के अनुसार, चंगाई सभा के विरोध से जुड़े मामले को लेकर ईसाई समुदाय के लोग बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने हिंदू जागरण मंच के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक लोग थाने के बाहर मौजूद रहे।
मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन के लोग :
प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी से पुलिस के सामने स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को मौके से हटाने का प्रयास किया। सिटी कोतवाली के बाहर देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। समझाइश के बाद स्थिति शांत हुई और लोगों को मौके से हटाया गया।
हिंदू संगठन ने भी की कार्यवाही की मांग :
वहीं, हिंदू संगठन की ओर से चंगाई सभा आयोजित करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई है। दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी शिकायत और मांग पुलिस के सामने रखी गई है।
आज होगी दोनों पक्षों की बैठक :
पुलिस की समझाईश के बाद देर रात स्थिति सामान्य हुई। मामले को लेकर आज दोनों पक्षों की बैठक होने की बात सामने आई है। बैठक में पूरे विवाद और दोनों पक्षों की शिकायतों पर चर्चा की जायेगी। पुलिस की कार्यवाही और बैठक के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।



