‘हनुमान अंश’ की ऐतिहासिक सफलता के बीच चमकी बुंदेली गायक सुनील लोधी की किस्मत, निर्माता अनुप्रिया नागर और मुख्यमंत्री मोहन यादव करायेंगे आंखों का इलाज।

भोपाल (म.प्र.) : महज 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में तैयार हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित कीर्तिमान रच रही है। 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी इस फिल्म का दबदबा अब भी सिनेमाघरों में बरकरार है। फिल्म की इस प्रचंड सफलता ने जहां इसके कलाकारों और निर्देशकों को नई पहचान दिलाई है, वहीं इसके लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ को अपनी आवाज देने वाले बुंदेली लोक गायक सुनील लोधी भी राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गए हैं। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी के जीवन में इस सफलता ने उम्मीद की एक नई किरण जगाई है और फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर उनके इलाज में मदद के लिए आगे आई हैं।

निर्माता अनुप्रिया नागर ने उठाई इलाज की जिम्मेदारी, मुंबई में होगी जांच :

ट्रेनों में गाकर जीवन-यापन करने वाले बुंदेली गायक सुनील लोधी ने अपनी असाधारण गायकी और संघर्ष भरी दास्तान से देश भर के श्रोताओं का दिल जीत लिया है। उनकी इस प्रतिभा को देखते हुए फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर ने उनकी आंखों के संपूर्ण उपचार का जिम्मा उठाया है। इसके लिए मुंबई के शीर्ष नेत्र रोग विशेषज्ञ से अपॉइंटमेंट सुनिश्चित कर लिया गया है। सुनील लोधी के मुंबई पहुंचते ही वरिष्ठ डॉक्टरों द्वारा उनकी आंखों की गहन जांच की जायेगी, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उनकी दृष्टि में सुधार की कितनी संभावना है और किस चिकित्सा पद्धति से उपचार प्रक्रिया आगे बढ़ाई जायेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दिया मदद का ठोस आश्वासन :

अनुप्रिया नागर की इस पहल से पूर्व मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी सुनील लोधी को हरसंभव चिकित्सकीय मदद का भरोसा दे चुके हैं। मध्यप्रदेश के सागर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले सुनील लोधी ने हाल ही में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की थी। इस दौरान सीएम ने शासन स्तर से समुचित उपचार सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। सुनील लोधी जन्म से ही दृष्टिबाधित हैं, लेकिन उन्होंने कभी इस दिव्यांगता को अपनी गायकी की राह में रुकावट नहीं बनने दिया और बुंदेली लोक संगीत के क्षेत्र में निरंतर परिश्रम कर अपनी अनूठी पहचान बनाई।

सात समंदर पार भी छाया भजन का खुमार, विदेशी कलाकार भी हुए मुरीद :

‘हनुमान अंश’ का प्रभाव केवल देश तक ही सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी इसका गहरा असर देखा जा रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक अमेरिकी नागरिक का वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह सुनील लोधी का गाया भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ गाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो अमेरिकी भूविज्ञानी, वैदिक ध्यान शिक्षक और कीर्तन संचालक एलिक सोडरबर्ग का है। उन्होंने पारंपरिक वाद्ययंत्र एकतारा तैयार कर उसकी धुन पर अपनी आवाज में यह भजन रिकॉर्ड किया और इसे इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसे दर्शकों द्वारा व्यापक सराहना मिल रही है।