पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष: रायपुर में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’, प्रदेश में बनेंगे 38 ‘संकल्प चौक’, तेलीबांधा चौक का भी बदलेगा स्वरूप।

रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी रायपुर में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश भर में कुल 38 ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाए जाने की बड़ी घोषणा की। इनमें सभी जिला मुख्यालयों के प्रमुख स्थल शामिल होंगे। इसी क्रम में रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी सेवा ज्योति संकल्प चौक के रूप में विकसित किया जायेगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और ‘विकसित भारत’ के विजन के सशक्त प्रतीक बनेंगे। इनका मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी को देश के नवनिर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है।

मशाल लेकर निकली सेवा ज्योति यात्रा :

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प दिलाया। इसके पश्चात उन्होंने हाथ में मशाल थामकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया।

यह यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में भारी संख्या में युवा और आम नागरिक शामिल हुए।

25 साल के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख :

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने याद दिलाया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में आज उनके सार्वजनिक जीवन के 25 सफल वर्ष पूरे हो रहे हैं।

उन्होंने इस समयावधि को जनसेवा, सुशासन और समग्र विकास की ऐतिहासिक यात्रा बताया। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी सिद्धि के लिए ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का निर्माण अनिवार्य है। राज्य सरकार ने भी ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के तहत प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तय कर ली है।

17 सितंबर से जारी है सेवा संकल्प अभियान :

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक प्रदेश भर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई थी।

सिंगापुर दौरे का भी किया जिक्र :

मुख्यमंत्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य को वैश्विक निवेश, आधुनिक तकनीक, कौशल और नवाचार से जोड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ को ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ’ (SING) फोरम-2026 में सहभागिता का अवसर मिला, जहां वैश्विक उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में भावी निवेश एवं रणनीतिक साझेदारी को लेकर सार्थक चर्चा हुई।