नशे में धुत्त वैन चालक डोमेश्वर यादव ने शिक्षिका और दो छात्राओं को मारी टक्कर, शिक्षिका की मौत, आरोपी गिरफ्तार।

खैरागढ़ : स्कूल की छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रहीं एक शिक्षिका और दो छात्राओं को शराब के नशे में धुत तेज रफ्तार इको वैन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में शिक्षिका किरण तिवारी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना 5 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे ठेलकाडीह स्कूल के पास हुई।

छुट्टी के बाद बस का कर रही थीं इंतजार :

पुलिस के अनुसार, छात्रा दुगेश्वरी विश्वकर्मा और देवकी विश्वकर्मा स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपनी शिक्षिका किरण तिवारी के साथ बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान डुमरीडीहकला की ओर से आ रही इको वैन (क्रमांक CG 07 CJ 3862) के चालक ने सामने भीड़भाड़ वाले स्थान को जानते-देखते हुए भी अत्यधिक तेज गति और शराब के नशे में वाहन चलाते हुए तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं। शिक्षिका किरण तिवारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं दोनों घायल छात्राओं को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

वाहन जब्त, आरोपी चालक भेजा गया न्यायिक रिमांड पर :

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए ठेलकाडीह पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए दुर्घटनाग्रस्त इको वैन को जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन चालक डोमेश्वर उर्फ दादू यादव (30), पिता नंदकुमार यादव, निवासी वार्ड नंबर 3, मठपारा गया नगर, थाना कोतवाली (जिला दुर्ग) को 7 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 105 और 110 के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।