बलात्कार पीड़िता की पहचान उजागर करने और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार।

अंबिकापुर : आकांशा टोप्पो छत्तीसगढ़ का एक जाना पहचाना नाम बन चुकी है, उसका अपने उपर नियन्त्रण नहीं होता और वो गुस्से में काफी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करती है, जिससे सत्ताधारी नेता उसके खिलाफ में रहते है तो वहीं आम जनता उसके पक्ष में, वहीँ आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अश्लील प्रसारण के मामले में अंबिकापुर पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने बुधवार दोपहर कार्यवाही करते हुए आकांक्षा को हिरासत में लिया। मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। इस मामले में आकांक्षा टोप्पो के साथ होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद अंसारी समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज :

सोशल मीडिया पर बलात्कार पीड़िता की पहचान उजागर करने, उसकी निजता भंग करने और अश्लील व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 4 अक्टूबर की रात मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बीएनएस की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करने का आरोप :

शहर के गंगापुर निवासी शैलेन्द्र शर्मा ने कोतवाली थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो, अकील अहमद अंसारी और अन्य सोशल मीडिया चैनल संचालकों ने एक बलात्कार पीड़िता की विषम परिस्थितियों का अनुचित लाभ उठाते हुए उसकी पहचान और निजी जानकारी सार्वजनिक कर दी।

इंटरव्यू के दौरान निजी अंगों पर अमर्यादित सवाल :

शिकायतकर्ता के अनुसार, पीड़िता का इंटरव्यू लेते समय उससे निजी अंगों से जुड़े आपत्तिजनक और अमर्यादित सवाल पूछे गए। इस इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, जिससे पीड़िता की निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर ठेस पहुंची। शिकायत में आकांक्षा टोप्पो पर सोशल मीडिया के जरिए लगातार गाली-गलौज और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने का भी आरोप है। शिकायतकर्ता ने इसे पीड़िता की गरिमा और सम्मान को गहरा आघात पहुंचाने वाला कृत्य बताया है।

पूर्व में भी दर्ज हो चुके हैं मामले :

आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ इससे पहले सीतापुर थाने में भी मामला दर्ज हो चुका है। इसी प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम में भाजपा नेता रविंद्र तिवारी के खिलाफ पीड़िता के चरित्र पर लांछन लगाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर 4 अक्टूबर को भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।