रायपुर : मादक पदार्थ विशेषकर गांजा सहित अन्य सूखा नशा के खिलाफ पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही से मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करने वाले अलग-अलग तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। इसी कड़ी में गांजा तस्कर अब ओड़िशा से सीधे जाकर गांजा लाने की बजाय ओड़िशा के तस्करों को रायपुर बुलाकर उनसे गांजा की डिलीवरी ले रहे हैं। इस बात का खुलासा हरिभूमि के स्टिंग ऑपरेशन में हुआ। हरिभूमि की टीम ने तस्कर के साथ व्हॉट्सऐप कॉल तथा चैटिंग के जरिए बात की और रायपुर में गांजा पहुंचाकर देने के लिए 15 हजार रुपए में सौदा तय किया।
सोशल मीडिया पर कोडवर्ड विज्ञापन: ‘हाई क्वालिटी ओड़िशा साग’
गांजा सप्लायर द्वारा इंस्टाग्राम पर विज्ञापन जारी कर लिखा गया है :
“हाई क्वालिटी ओड़िशा साग एवलेबल इन रायपुर, डिलीवर टू योर डोर स्टेप, पेमेंट ऑन डिलीवरी ओनली, इफ लीफी ग्रींस आर लिफ्स एसेंसियल पार्ट ऑफ योर डेली रूटिन, यू हेव कम टू द राइट प्लेस”
इसका अर्थ है— रायपुर में हाई क्वालिटी ओड़िशा साग उपलब्ध है, आपके घर के दरवाजे पर डिलीवर किया जाएगा और पेमेंट ऑन डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। यदि हरी पत्तेदार चीजें आपकी दैनिक दिनचर्या का अहम हिस्सा हैं, तो आप बिल्कुल सही जगह पर आए हैं। ‘रॉनी’ नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने यह विज्ञापन जारी कर स्थानीय खरीदारों व तस्करों से संपर्क साधने का जाल बिछाया है।
बातचीत करने वाला निकला बिचौलिया :
व्हॉट्सऐप चैट में गांजा खरीदने के लिए रिपोर्टर ने जिस व्यक्ति से डील की, वह मूल आपूर्तिकर्ता की जगह बिचौलिया निकला। बातचीत के दौरान इसकी पुष्टि हुई, क्योंकि मोल-भाव के दौरान गांजा का भाव तय करने के लिए उसने किसी और से पूछकर बताने की बात कही। तस्कर ने बातचीत में गांजा पहुंचाने के कई विकल्प दिए; उसने कुरियर के माध्यम से दिए गए पते पर गांजा भेजे जाने की बात कही और इसके लिए यूपीआई से एडवांस पेमेंट की शर्त रखी। इसके साथ ही उसने रायपुर में माल की डिलीवरी के बाद पैसे लेने का विकल्प भी दिया। वहीं, रायपुर में किसी थर्ड पार्टी के जरिए लेनदेन करने की बात पर तस्कर ने साफ किया कि उसकी कोई थर्ड पार्टी नहीं है।
पुलिस सख्ती के कारण बदला सप्लाई का तरीका
कुरियर से गांजा डिलीवरी करने और ओड़िशा के गांजा तस्करों द्वारा घर पहुंच सेवा देने पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला का कहना है कि लगातार सख्ती के कारण स्थानीय गांजा तस्कर खुद ओड़िशा जाकर माल लाने से बच रहे हैं। यही वजह है कि ओड़िशा के गांजा तस्कर कुरियर तथा अन्य माध्यमों से गांजा खपाने की कोशिश कर रहे हैं। कुरियर या किसी भी अन्य माध्यम से गांजा लाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही की जा रही है और इसी रणनीति के तहत ओड़िशा के गांजा तस्कर भी पुलिस की एंड-टू-एंड कार्यवाही में लगातार पकड़े जा रहे हैं।



