डोंगरगढ़ : धर्म नगरी डोंगरगढ़ क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दस्तावेज देने के बहाने एक महिला को बुलाकर नशीला पेय पिलाया गया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो उसके पति को भेजने और वायरल करने की धमकी देकर करीब एक लाख रुपये भी वसूल लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दस्तावेज देने के बहाने कार में बैठाया, नशीला पेय पिलाकर किया दुष्कर्म :
पुलिस के अनुसार यह घटना 18 दिसंबर 2025 की है। आरोपी आदित्य अग्रवाल ने महिला को कुछ दस्तावेज देने के बहाने उसके ऑफिस के बाहर बुलाया और अपनी कार में बैठा लिया। रास्ते में उसने महिला को ‘स्लाइस’ पिलाई, जिसके कुछ ही देर बाद उसे चक्कर आने लगे। इसके बाद आरोपी महिला को डोंगरगढ़ मंदिर के पास स्थित एक मकान के कमरे में ले गया। आरोप है कि शाम करीब 4 बजे वहां महिला की इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद शाम लगभग 7 बजे आरोपी ने महिला को उसके घर के पास गली में छोड़ दिया।
फोटो वायरल करने की धमकी देकर ऑनलाईन वसूली :
वारदात के बाद आरोपी ने महिला को दोबारा अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। 1 जनवरी 2026 को वह महिला के ऑफिस पहुंचा और साथ घूमने चलने के लिए कहा। जब महिला ने साथ जाने से इंकार कर दिया, तो आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो दिखाकर उन्हें पति को भेजने और वायरल करने की धमकी दी। ब्लैकमेलिंग करते हुए पहले 5 हजार रुपये मांगे गए। इसके बाद आरोपी ने महिला से 9 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये ऑनलाईन हासिल कर लिए।
बीएनएस की धाराओं में मुकद्दमा दर्ज, आरोपी सलाखों के पीछे :
लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों और दबाव से परेशान होकर पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए बीएनएस (BNS) की धारा 64, 308 और 351(3) के तहत अपराध कायम किया।
विवेचना और पूछताछ के दौरान पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी आदित्य अग्रवाल (निवासी: कुम्हारपारा, वार्ड नंबर 9, इतवारी बाजार, खैरागढ़) को 8 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी रखी जायेगी।



