रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
विवाद के दौरान सब्जी काटने वाले चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला :
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 48 वर्षीय डोमार साहू के रूप में हुई है, जो ग्राम केंद्री का निवासी था। 9 अक्टूबर की शाम वह अत्यधिक शराब के नशे में अपनी पत्नी दुलेश्वरी साहू से विवाद कर रहा था। इसी दौरान उसका 22 वर्षीय बेटा डोमेश साहू घर पहुंचा और उसने पिता को मां के साथ झगड़ते देखा। विवाद बढ़ने पर पिता अपनी पत्नी और बेटे पर आपत्तिजनक आरोप लगाने लगा।
आक्रोश में आकर डोमेश ने रसोई घर से सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और पिता के गले पर जोरदार वार कर दिया। पिता ने जब खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसकी दाहिनी कलाई पर हमला किया और फिर गले पर कई प्राणघातक वार किए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के समय मृतक की पत्नी भी घटनास्थल पर मौजूद थी।
वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश :
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। वह घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़ों को अपनी मोटरसाइकिल से ले जाकर पीछे स्थित एक बड़े नहर-नाले में फेंक आया। इसके बाद घर लौटकर उसने पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची और काफी देर बाद परिजनों व ग्रामीणों को पिता द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने की झूठी सूचना दी।
कड़ाई से पूछताछ में खुला राज, चाकू बरामद :
घटना की सूचना पर अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसके बाद एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का बारीक निरीक्षण और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
संदेह के आधार पर पुलिस ने जब मृतक के बेटे डोमेश साहू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही में जुट गई है।



