त्यौहार मनाने गांव आए युवक की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी संग आपत्तिजनक हालत में देख रिश्ते के मामा ने उतारा मौत के घाट।

बांदा (उ.प्र.) : जिले में त्यौहार मनाने के लिये गुजरात से गांव आए 21 साल के युवक की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मृतक के घर के बाहर फेंक दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के पति ने युवक को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद पति गुस्से से लाल हो गया और उसने डंडे से इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने कार्यवाही करते हुए गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लिया है।

पत्नी के साथ देखकर खोया आपा :

पुलिस के अनुसार 21 साल का मृतक युवक गुजरात में मजदूरी का काम करता था। वह त्यौहार के कारण करीब दो दिन पहले ही अपने गांव आया था। गांव आने के बाद वह अपने रिश्ते के मामा के घर पहुंचा, जहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पार्टी की थी। इसके कुछ देर बाद मामा सोने के लिये छत पर चला गया। जब बाद में उसकी नींद खुली और वह नीचे आया, तो उसने भांजे को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया।

दरवाजे पर शव फेंककर हुए फरार :

पति ने दूर के भांजे को अपनी पत्नी के साथ जब संबंध बनाते हुए देखा तो उसका गुस्सा भड़क गया। इसके बाद उसने पास में रखे डंडे से भांजे पर जोरदार हमला किया। इस हमले में मृतक को कई गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने गांव के दूसरे साथी की मदद लेकर मृतक के शव को घर के दरवाजे पर फेंक दिया। जब परिवार वालों ने दरवाजे पर शव पड़ा देखा, तो घर में कोहराम मच गया और पुलिस को सूचना दी।

महिला ने लगाया बलात्कार का आरोप :

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बांदा की डिप्टी एसपी प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि पैलानी क्षेत्र में युवक की डंडे से पीटकर हत्या की गई है और शव को दरवाजे पर फेंका गया था। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर लिया है और नामजद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस मामले में महिला ने युवक पर बलात्कार का आरोप भी लगाया है, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।