पत्नी ने दूसरे पति की हत्या कर बक्से में भरा शव, हाईवे पर फेंका; पुलिस ने 12 घंटे में किया मर्डर का खुलासा।

उन्नाव (उ.प्र.) : जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने दूसरे पति की हत्या कर शव को बक्से में बंद किया और हाईवे किनारे फेंक दिया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि, उन्नाव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपी पत्नी और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि महिला का अपने दूसरे पति से अक्सर विवाद होता था। मीडिया के सामने आरोपी पत्नी ने अपना जुर्म कबूलते हुए पछतावा जताया और आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीकर आए दिन घर में कलह करता था।

क्या है पूरा मामला?

मामला उन्नाव जनपद का है, जहां महिला का अपने पहले पति से करीब 9 वर्ष पूर्व अलगाव हो गया था। इसके बाद वह दूसरे युवक के संपर्क में आई और दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। बीते 8 वर्षों से दोनों साथ रह रहे थे। महिला का आरोप है कि दूसरा पति शराब का आदी था और दोनों के बीच लगातार झगड़े होते थे। विवाद बढ़ने पर महिला ने पति की हत्या कर दी और शव को एक बड़े बक्से में भरकर हाईवे पर फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला और उसके सहयोगियों को दबोच लिया।

हाईवे किनारे संदिग्ध बक्से में मिला था शव :

मृतक का शव देर रात सदर कोतवाली अंतर्गत लाल खेड़ा चौकी के पास लावारिस बक्से में बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, हाईवे पर एक संदिग्ध बॉक्स पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर बक्सा खोला, तो उसमें 27-28 वर्षीय युवक का शव और कुछ घरेलू सामान मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले के खुलासे के लिये पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया।

सीसीटीवी फुटेज और लोडर चालक से मिला सुराग :

जांच के दौरान सामने आया कि सुनसान क्षेत्र का फायदा उठाकर एक लोडर वाहन से बक्सा वहां लाकर फेंका गया था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोडर की शिनाख्त की। लोडर चालक और मालिक से पूछताछ में खुलासा हुआ कि एक महिला ने 1200 रुपये भाड़े पर लोडर तय किया था। इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने 12 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी महिला और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही सामान चढ़ाने-उतारने के लिये बुलाए गए मजदूर से भी पूछताछ की गई।

8 साल का रिश्ता और कलह का खूनी अंत :

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला पिछले 8 सालों से मृतक के साथ रह रही थी और दोनों का एक पांच साल का बेटा भी है। वहीं, पहले पति से महिला की चार बेटियां हैं जो अपने पिता के साथ ही रहती हैं। दूसरे पति के साथ लगातार हो रहे घरेलू विवाद और मारपीट के चलते महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजकर आगे की विधिक कार्यवाही पूरी कर ली है।