रायपुर/कवर्धा : प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम जनमन आवास योजना) के तहत समाज के सबसे वंचित, जरूरतमंद और विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने तथा उनके बुनियादी अधिकारों की रक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ शासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि आवास निर्माण के नाम पर सीधे-सादे हितग्राहियों से धोखाधड़ी करने और उनकी सहायता राशि का दुरुपयोग करने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जायेगा। गरीबों और आदिवासियों के हक पर डाका डालने वाले असामाजिक तत्वों एवं भ्रष्ट बिचौलियों के विरुद्ध बिना किसी रियायत के कठोर दंडात्मक कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
ग्राम दुलदुला में पूर्व सरपंच पति पर ₹2,40,000 की ठगी का मुकद्दमा, चिल्फी थाने में प्राथमिकी दर्ज :
बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बेंदा के आश्रित ग्राम दुलदुला से प्रकाश में आये एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी ठेकेदार पर शिकंजा कसा है। यहाँ तीन बैगा हितग्राहियों से पक्के मकान का निर्माण पूर्ण कराने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने और महीनों से निर्माण कार्य ठप्प रखने वाले ठेकेदार शेख निजामुद्दीन उर्फ निक्की खान (भूतपूर्व सरपंच पति) के विरुद्ध चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 318(4) के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त विस्तृत जानकारी के अनुसार, ग्राम दुलदुला निवासी हितग्राही राजीम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे तथा उनके पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम से केंद्र शासन की पीएम जनमन आवास योजना अंतर्गत पक्के मकान स्वीकृत हुए थे। आरोपी ठेकेदार शेख निजामुद्दीन ने तीनों बैगा भाइयों और ग्रामीणों को समय पर गुणवत्तापूर्ण पक्का मकान बनाकर देने का भरोसा दिलाया और निर्माण का ठेका ले लिया। जब हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त की 40-40 हजार रुपये की राशि अंतरित हुई, तब आरोपी ने निर्माण सामग्री मंगाने के नाम पर यह राशि हासिल कर ली। इसके पश्चात दूसरी किस्त के रूप में प्राप्त 60-60 हजार रुपये की राशि भी ठेकेदार को नकद भुगतान के रूप में सौंप दी गई।
आरोपी ने प्रति हितग्राही 80-80 हजार रुपये सहित कुल 2 लाख 40 हजार रुपये की भारी रकम छलपूर्वक प्राप्त कर ली, किंतु नींव खोदने के पश्चात निर्माण कार्य पूरी तरह ठप्प छोड़ दिया। जब पीड़ितों ने अपना मकान अधूरा देखकर जमा की गई राशि वापस मांगी, तो ठेकेदार ने पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया और टालमटोल करने लगा। छल-कपट और ठगी से त्रस्त होकर जब पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई, तब चिल्फी थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकद्दमा कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
अब तक तीन ठेकेदारों के विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज, 7 लाख 49 हजार रुपये की धोखाधड़ी उजागर :
कबीरधाम (कवर्धा) जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में पीएम जनमन योजना के तहत बैगा आदिवासी हितग्राहियों को निशाना बनाने वाले बेईमान ठेकेदारों की कलई अब पूरी तरह खुलने लगी है। निर्माण कार्य पूरा न करने और पैसे वापस करने से इंकार करने के मामलों में अब तक कुल तीन ठेकेदारों के विरुद्ध अलग-अलग थानों में मुकद्दमा दर्ज कराया जा चुका है। इन तीनों आरोपियों द्वारा कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की शासकीय राशि का गबन कर हितग्राहियों से ठगी करने का गंभीर आरोप है:
- ठेकेदार शेख निजामुद्दीन उर्फ निक्की खान: चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम दुलदुला में तीन हितग्राहियों से कुल ₹2,40,000 की ठगी करने के आरोप में मुकद्दमा दर्ज।
- ठेकेदार तुमेश गोड़: तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के ग्राम आमानारा निवासी हितग्राही बैसाखू बैगा की शिकायत पर राशि हड़पने के आरोप में मुकद्दमा दर्ज।
- ठेकेदार कुमार मेरावी: चिल्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजाढ़ार निवासी हितग्राही देवसिंह से आवास निर्माण के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में मुकद्दमा दर्ज।
वनांचल के अंतिम छोर तक पक्की छत पहुंचाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूरे प्रकरण पर सख्त रुख व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य शासन की स्पष्ट मंशा है कि कोई भी जरूरतमंद और पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अत्यंत दुर्गम वनांचलों में सदियों से निवासरत विशेष पिछड़ी जनजातियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें सभी मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासन की ओर से आवास स्वीकृति से लेकर भुगतान की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाईन और पारदर्शी बनाया गया है, ताकि सीधे हितग्राहियों के खातों में सहायता राशि पहुंच सके। ऐसे में यदि कोई ठेकेदार या बिचौलिया इन भोले-भाले आदिवासियों की सरलता का अनुचित लाभ उठाकर उनके सपनों के आशियाने पर ग्रहण लगाने का दुस्साहस करेगा, तो उसे जेल की सलाखों के पीछे भेजा जायेगा। उप मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि सभी दोषी कानून के शिकंजे में आयेंगे और उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
भौतिक सत्यापन और सघन जांच के निर्देश, प्रशासन ने की सजग रहने की अपील :
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से ठेकेदारों द्वारा की जा रही अनियमितताओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग के मैदानी अमले को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने अपने मुखबीर तंत्र को सक्रिय कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है ताकि उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही, विकासखंड स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे वनांचल क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जाकर पीएम जनमन आवासों का भौतिक सत्यापन करें और देखें कि कहीं किसी अन्य हितग्राही के साथ भी ऐसी धोखाधड़ी तो नहीं हुई है।
प्रशासन ने सुदूर वनांचल के ग्रामीणों एवं हितग्राहियों से अपील की है कि वे किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के बहकावे में न आएं, अपने बैंक खाते और मोबाईल से जुड़ी बैंकिंग जानकारियों की गोपनीयता बनाये रखें और अपनी जिम्मेदारी सजगता से निभायें। यदि कोई भी ठेकेदार या बिचौलिया आवास स्वीकृत कराने या निर्माण के नाम पर नकद राशि की मांग करता है, तो उसे राशि देने से तत्काल इंकार करें और तुरंत स्थानीय थाना या जनपद पंचायत कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज करायें ताकि त्वरित कार्यवाही की जा सके।



