रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई सीएम हेल्पलाईन 1076 आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इस पहल के जरिए नागरिक घर बैठे अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं और विभिन्न सरकारी विभागों के माध्यम से उनका निराकरण किया जा रहा है। 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 के बीच इस हेल्पलाइन पर 2.31 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2,05,996 से अधिक मामलों का समाधान किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, नियमित समीक्षा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
42 विभागों से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन 1076 :
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 9 जून 2026 को मंत्रालय महानदी भवन में सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया था। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने, सुझाव देने और सरकारी योजनाओं के संबंध में फीडबैक साझा करने के लिये एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। यह प्रणाली टोल-फ्री नंबर 1076 और व्हाट्सएप के माध्यम से नागरिकों को अपनी बात शासन तक पहुंचाने का अवसर देती है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस व्यवस्था में राज्य के 42 विभागों के लगभग 8,000 अधिकारियों को जोड़ा गया है। करीब 1,195 शिकायत श्रेणियों के तहत मामलों को दर्ज कर समय-सीमा में निराकरण की व्यवस्था की गई है। शिकायत का समाधान नहीं होने या नागरिक के असंतुष्ट रहने की स्थिति में प्रकरण को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रावधान भी है। इससे शिकायत निवारण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
88.85% मामलों का हुआ सफल समाधान :
सीएम हेल्पलाइन 1076 पर 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 के बीच 2,31,850 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 2,05,996 से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। इस तरह हेल्पलाइन की समाधान दर 88.85 प्रतिशत रही।
इस प्लेटफॉर्म पर प्रतिदिन औसतन 1,500 से 2,000 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। शिकायतों की निगरानी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय के जरिए मामलों को समय पर सुलझाने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सचिवालय और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि शिकायतों का निपटारा केवल कागजों पर नहीं, बल्कि वास्तविक परिस्थितियों में नागरिकों को राहत देकर किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, लापरवाही पर सख्त रुख :
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 16 अक्टूबर 2026 को नवा रायपुर में सीएम हेल्पलाइन 1076 के कामकाज की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला कलेक्टरों और नागरिकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फीडबैक लेकर शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना वास्तविक समाधान के शिकायत बंद करने या निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। इसी क्रम में कबीरधाम जिले के पिपरिया तहसीलदार को निलंबित किए जाने की जानकारी भी सामने आई। मुख्यमंत्री ने दूरस्थ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा शिकायतों के आंकड़ों का विश्लेषण कर नागरिक सेवाओं में सुधार लाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने खुद की शिकायतकर्ता से बात :
सीएम हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हेल्पलाइन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं, कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर निवासी पूनाराम ठाकरे से फोन पर बातचीत कर आय प्रमाण पत्र से जुड़े उनके आवेदन की समस्या जानी और उसके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री का यह संवाद शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सीधे समझने और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक संवेदनशील बनाने की पहल के रूप में देखा गया। हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार के लिये ग्राम पंचायतों, राशन दुकानों और कॉमन सर्विस सेंटरों का भी सहयोग लिया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को अपनी शिकायत लेकर जिला मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



