केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय काशीबाई का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित 9-बी निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर ले जाया जाएगा। यहां दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान की दूसरी मां थीं काशीबाई
जानकारी के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान की जैविक मां का नाम सुंदरबाई चौहान था। शिवराज के बचपन में ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने दूसरा विवाह किया था। काशीबाई उनकी दूसरी मां थीं। काशीबाई से एक पुत्र वरुण का जन्म हुआ था। वहीं, सुंदरबाई से शिवराज सिंह चौहान के अलावा नरेंद्र सिंह, रोहित सिंह और बेटी शशि हैं।



