कोयला कारोबारी शाहबाज खान के घर पहुंची ED-EOW की टीम, रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव सहित कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही।

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में शुक्रवार सुबह जांच एजेंसियों की एक साथ हुई कार्यवाही से प्रदेश के कारोबारियों में हलचल तेज हो गई है। कोयला घोटाले से लेकर CGMSC मामले तक की जांच के बीच ED और ACB/EOW की अलग-अलग टीमें प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय नजर आईं। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव सहित कई स्थानों पर टीमों ने दबिश दी है। इस कार्यवाही को प्रदेश में चल रही चर्चित आर्थिक अनियमितताओं की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच तेज :

मिली जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू निवास पर ACB/EOW की टीम पहुंची। टीम द्वारा घर में मौजूद दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह कार्यवाही CGMSC और कोल घोटाले से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की जा रही है।

कई ठिकानों पर जांच जारी :

वहीं, रायपुर जिले में ED की टीमें तीन से चार अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही हैं। इसके अलावा राजनांदगांव सहित प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी जांच एजेंसियों की गतिविधियां सामने आई हैं। फिलहाल जांच जारी है कि, शाहबाज खान के निवास पर चल रही कार्यवाही के दौरान टीम को कौन से दस्तावेज या अहम सुराग मिलते हैं।