पुलिस की बड़ी कार्यवाही : राजस्थान का अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, ₹2.18 करोड़ से अधिक का गांजा व XUV कार जब्त।

केशकाल : छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत केशकाल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राजस्थान के एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 407.910 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस तस्करी में प्रयुक्त सिल्वर रंग की महिन्द्रा XUV-500 कार को भी जब्त कर लिया गया है। बरामद गांजे, लग्जरी वाहन और अन्य सामग्रियों का कुल अनुमानित बाजार मूल्य 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये आंका गया है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में गांजा एवं अवैध शराब की तस्करी पर नकेल कसने के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा एसडीओपी केशकाल अरुण कुमार नेताम के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही थी।

मुखबीर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ी कार

3 नवंबर 2026 को केशकाल पुलिस को पुख्ता मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि सिल्वर रंग की महिन्द्रा XUV-500 कार (क्रमांक OD-10-V-7053) में भारी मात्रा में गांजे की खेप ले जाई जा रही है। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने नाकेबंदी कर संदेही वाहन को रोककर गहन तलाशी ली। निरीक्षण के दौरान वाहन की ड्राइवर सीट के पीछे और डिक्की में भूरे सेलोटेप से अच्छी तरह पैक किये गये 78 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों से कुल 407.910 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता का गांजा निकला। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से RJ-23-UB-8472 नंबर की एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी बरामद की गई।

₹2.18 करोड़ से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त

पुलिस आंकलन के अनुसार बरामद गांजे की कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये है। इसके अतिरिक्त तस्करी में प्रयुक्त महिन्द्रा XUV-500 कार, मोबाईल फोन, नकदी एवं अन्य आवश्यक सामग्री जब्त की गई है। समस्त जब्त मशरूका का कुल मूल्य 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये से अधिक दर्ज किया गया है।

NDPS एक्ट के तहत कार्यवाही, आरोपी भेजा गया जेल

पुलिस ने तस्कर को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम की धारा 20(ख) के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इस कार्यवाही में सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम

इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा, उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, सहायक उपनिरीक्षक भगत सिंह नेताम व सुरेश मरकाम, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम व संजय बिसेन, आरक्षक सदासिंह नेताम, मनोहर निषाद, धर्मेन्द्र नेगी, रामुलाल नेताम, दिनेश मरकाम, अजय सलाम, सहायक आरक्षक उमेश दास मानिकपुरी एवं नगर सैनिक आत्मानंद कुलदीप की विशेष भूमिका रही।