बलौदाबाजार में दर्दनाक हादसा : करंट की चपेट में आने से कपड़ा कारोबारी पिता-पुत्र की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल।

बलौदा बाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। नेहरू चौक स्थित जैन मंदिर के पास घर में साफ-सफाई के दौरान हाईटेंशन लाईन का करंट फैलने से कपड़ा कारोबारी पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी कारोबारी की पत्नी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और परिवार में त्यौहार की खुशियां मातम में तब्दील हो गई हैं।

पाइप में अचानक प्रवाहित हुआ करंट :

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह घर में साफ-सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मकान की दूसरी मंजिल पर बालकनी की रेलिंग में लगे लोहे के पाइप में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाईन की चपेट में आने से कारोबारी राकेश गुप्ता (47 वर्ष) करंट से चिपक गये। उनकी चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य भी करंट की चपेट में आ गये।

पिता-पुत्र की मौके पर मौत, मां गंभीर रूप से झुलसी :

हादसे में राकेश गुप्ता और उनके 22 वर्षीय पुत्र ओम गुप्ता (ईशान) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उन्हें बचाने के प्रयास में पत्नी वर्षा गुप्ता भी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के तुरंत बाद घायल महिला को तत्काल उपचार के लिये जिला चिकित्सालय बलौदा बाजार ले जाया गया।

महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम :

जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद वर्षा गुप्ता की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रिफर किया गया था, जहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी था। अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझते हुए उन्होंने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों के असमय चले जाने से पूरे क्षेत्र और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है और बलौदा बाजार के व्यापारियों में गहरा शोक व्याप्त है।

सामने आया दिल दहला देने वाला वीडियो, क्षेत्र में दहशत :

इस घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि हाईटेंशन लाईन से करंट और आग निकल रही थी। यह आग राकेश गुप्ता के घर की बालकनी में फैल रही थी। यह खौफनाक मंजर देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, रिहायशी मकानों से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन लाईन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।