इस जिले में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, एक की दर्दनाक मौत, दो की हालत गंभीर..

बिलासपुर। जिले में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से घायल है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के पथरिया क्षेत्र के सिलतरा निवासी विश्वनाथ (33) मरावी पिता बिसाहू मरावी अपने परिवार सहित तारबाहर क्षेत्र के डीपूपारा में रिश्तेदार के घर पर छट्‌ठी मनाने आया था। रविवार की रात करीब आठ बजे विश्वनाथ अपने दो अन्य रिश्तेदार केदार मरावी (35) पिता मयाराम मरावी और उसके भाई विक्रम मरावी पिता मायाराम मरावी को बाइक में लेकर घूमने निकला था। इस दौरान उनकी बाइक सीएमडी चौक के पास पहुंची थी, तभी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। बाइक को विश्वनाथ चला रहा था। उसकी रफ्तार काफी तेज थी। चौक में वह गति को कंट्रोल नहीं कर सका।

हादसा इतना भयानक था कि विश्वनाथ के सिर में गंभीर चोंटें आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं उसके पीछे बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।