इस शहर में देर रात तक चली ईडी की कार्रवाई….जानिए कांग्रेस नेताओं के घर क्या कुछ मिला…इन्हें लिया हिरासत में

रायपुर । भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के बंगले में ईडी की कार्रवाई देर रात तक चलती रही। ईडी की टीम पहले रात 11 बजे उनके बड़े भाई धर्मेंद्र यादव के घर से निकली। इसके करीब ढाई घंटे बाद रात 1.30 बजे विधायक आवास से भी निकल गई। ईडी के जाने के बाद जैसे ही विधायक देवेंद्र यादव बंगले से बाहर आए उनके समर्थकों ने उन्हें अपने कंधे पर बैठा लिया।

विधायक देवेंद्र यादव समर्थकों के सामने सीना ठोकते और अपने जीत की खुशी जताते दिखे। इधर देवेंद्र यादव जिंदाबाद के नारों से पूरा पूरा सेक्टर 5 गूंज उठा। विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि सच कभी पराजित नहीं हो सकता।

कांग्रेस नेताओं के घर देर रात तक चली कार्रवाई

दिन भर की जांच-पड़ताल के बाद ईडी के अधिकारी कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह को अपने साथ कार्यालय लेकर गए हैं। वहीं विनोद तिवारी के घर पर चल रही तलाशी खत्म हो गई है। इस बीच कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घर पर कार्रवाई देर रात तक चली। दिन भर चली पूछताछ और तलाशी अभियान के बाद ईडी के अधिकारी कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह को लेकर बाहर निकले।

इस बीच घर के बाहर ईडी की कार्रवाई का विरोध करने जमे विधायक विकास उपाध्याय ने भीड़ के साथ अधिकारियों को घेर लिया। उन्होंने कहा, इतनी पूछताछ के बाद बिना किसी तथ्य के अधिकारी आरपी सिंह को नहीं ले जा सकते। अधिकारियों के काफी समझाने-बुझाने के बाद विकास आरपी सिंह को ले जाने देने को तैयार हुए लेकिन वे भी समर्थकों के साथ ईडी के दफ्तर गए। इस बीच हाउसिंग बोर्ड के सदस्य विनोद तिवारी के घर पर तलाशी ले रही ईडी की टीम लौट आई है।

देवेंद्र ने कहा, देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है

कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के बाहर आधी रात के बाद भी हंगामा जारी था। देवेंद्र यादव पहले घर की छत पर आए। वहां से उन्होंने समर्थकों का अभिवादन किया। बाद में वे मुख्य द्वार पर आकर समर्थकों को संदेश दे गए। करीब 11.30 बजे उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली। लिखा-जिस आत्मविश्वास के साथ आप बाहर डटे हो उसी आत्मबल से मैं अंदर डटा हूं। वादा करता हूं साथियों ना आपका विश्वास टूटेगा ना मेरा आत्मबल टूटेगा। सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है।