राजधानी के तालाबों पर अतिक्रमणः विरोध में उतरे लोग, मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन।

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध अतिक्रमण का काम तेजी से चल रहा है। अब तो तालाबों को भी नहीं छोड़ा जा रहा है। ऐसे में अब इनका विरोध तेजी से शुरू हो गया है। रावण भाठा सुरक्षा समिति ने डबरी तालाब (विपिन बिहारी सूर वार्ड) को अप्राकृतिक रूप से पाटे जाने के विरोध में मानव श्रृंखला एवं मशाल रैली निकाला।

समिति अध्यक्ष समाज चिंतक प्रभात मिश्र ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि, रायपुर ऐतिहासिक दृष्टिकोण से तालाबों का नगर रहा है। जहां कलचुरी कालीन और अन्य सामाजिक योगदान से वृहद तालाब बनवाए गए थे जिसका एक गौरव शाली इतिहास है और इसे संरक्षित करने की आवश्यक्ता पूर्व से अधिक वर्तमान में हो गई है। अब जलवायु परिवर्तन एवं असमय वर्षा से पृथ्वी का तापमान प्रभावित होने लगा है जिसके परिणाम फरवरी मास में अधिक गर्मी से महसूस किया जा सकता है।

पेयजल संकट अलग से गर्मी के दिनों में दिक्कत देगा, इन सभी समस्याओं के समाधान में तालाब को और पर्यावरण को बचाना होगा। अरूण निर्मलकर एवं ओमेश बिसेन ने भी सभा को संबोधित किया। समापन भगतसिंह चौक में भगतसिंह की मूर्ति में माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर सोनिया पारा, टिकरापारा, मठपारा से नागरिक गण उपस्थित थे।