छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने की छुट्टी की घोषणा : इन क्षेत्रों में इस दिन रहेगा अवकाश, एक हफ्ते में ये दूसरी छुट्टी का एलान।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर स्थित शदाणी दरबार तीर्थ में आयोजित संत राजाराम साहिब के 63वें वर्सी महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर चेेटीचण्ड्र महोत्सव पर प्रदेश के नगर निगम व नगर पालिका क्षेत्रों में अवकाश की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शदाणी दरबार में वर्सी महोत्सव में शामिल होने पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आए लगभग 350 श्रद्धालुओं का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया।

सीएम भूपेश बघेल ने इस मौके पर शदाणी दरबार द्वारा 122 माताओं और बहनों को पाकिस्तान के सिंध प्रांत से भारत के विभिन्न धार्मिक स्थलों का दर्शन कराने की व्यवस्था किए जाने पर प्रशंसा की। शदाणी दरबार में संत राजाराम साहिब के 63वें वर्सी महोत्सव का आयोजन 14 से 17 मार्च 2023 तक किया गया है। शदाणी दरबार ने पवित्र सरोपा भेंटकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शदाणी दरबार पर आधारित फिल्म ‘धुनेश्वर महादेव’ की सीडी का विमोचन भी किया। इस मौके पर शदाणी दरबार के पीठाधीश संतश्री डॉ. युधिष्ठिरलाल ने भी सम्बोधित किया।

संत राजाराम साहिब के 63वें वर्सी महोत्सव में छत्तीसगढ़ के संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष महंत स्वामी रामसुंदर दास, रायपुर केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा, सिंधी अकादमी के अध्यक्ष राम गिंडलानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।