रायपुर : महिला अधिकारी ने छत्तीसगढ़ में उद्योग विभाग के संचालनालय में पदस्थ अपर संचालक के खिलाफ पुलिस ने छेड़खानी का मामला दर्ज करवाया है। अपर संचालक संतोष भगत के खिलाफ डायरेक्ट्रेट में पदस्थ एक महिला अधिकारी ने ही छेड़खानी करने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और रास्ता रोकने की रिपोर्ट लिखाई है। जिसके आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज किया है। फिलहाल अधिकारी की गिरफ्तारी नहीं हुई है,वह फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला अधिकारी के साथ यह घटना सप्ताह भर पहले की है। इस मामले में महिला अधिकारी ने पहले विशाखा कमेटी में अपनी शिकायत दर्ज कराई। इसमें अधिकारी ने समझौते की कोशिश की थी।
महिला अधिकारी समझौता करने के लिए तैयार नहीं थी और तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट लिखाने के लिए पहुंची। सप्ताह भर पहले जब महिला अधिकारी आफिस में काम करने का टाइम खत्म होने के बाद घर जाने के लिए निकल रही थी, तब संतोष भगत ने रास्ता रोका, अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके आधार पर तेलीबांधा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। खबर है कि भगत पर छेड़खानी का यह पहला मामला है। जबकि पांच साल पहले भी राजेंद्र नगर थाने में एक महिला सामाजिक कार्यकर्ता ने भी भगत के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी। हालांकि उस मामले में समझौता हो गया था। थाना प्रभारी उमेन्द्र टंडन का कहना है कि महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है आरोपी अभी फिलहाल फरार है। आरोपी को पकड़ने के पश्चात् उस पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।



