रायपुर : शहर की पुलिस ने दो होटलों में देर रात छापेमारी की। आधी रात जब पुलिस की टीम बार में घुसी तो बार बंद करने की बजाये यहां पर शराब परोसी जा रही थी। पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए दोनों होटलों के बार से मैनेजर को पकड़ा और थाने ले आई। इस मामले में उनसे पूछताछ की गई। यह मामला शहर के मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। पहला छापा थाने से कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित होटल आदित्य में पड़ा। आमतौर पर रात 11 बजे के बाद सभी बार बंद किए जाने का नियम है। मगर ये बार 12 बजे – 1 बजे रात तक यहां शराब पिला रहे थे, जिसकी जानकारी पुलिस को लगातार मिल रही थी। देर रात रायपुर पुलिस को यहां ऐसा ही होता दिखा। यहां के मैनेजर कलाकार नाईक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बार बंद करवाया।
इसके बाद होटल गोल्डन ओक में पुलिस की टीम पहुंची। यहां भी देर तक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए शराब परोसी जा रही थी। पुलिस ने बार बंद करवाया और मैनेजर कुलजीत भाटिया को अरेस्ट कर थाने ले आई। अब इन दोनों मैनेजरों के थाने आने के बाद होटल प्रबंधन से जुड़े लोग थाने पहुंचना शुरू हो गए। उनकी भीड़ थाने में इकठ्ठा हो गई।
थाने से छोड़े गए :
थाना मौदहापारा में इन दोनों होटलों के मैनेजरों के खिलाफ अपराध धाारा 140/23, 36(सी) और धारा 141/23 , 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। इसमें थाने से ही अपराधी छोड़ दिए जाते हैं। इस नियम का पालन करते हुए इन होटल मैनेजरों को भी देर रात छोड़ दिया गया।
आबकारी विभाग को भेजी चिट्ठी :
पुलिस के मुताबिक देर तक बार को खुला रखने और लोगों को शराब परोसने की वजह से दोनों होटलों के संचालकों को भी नोटिस जारी कर थाना तलब किया जा रहा है। इनके द्वारा बार लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन करने के संबंध में आबकारी विभाग को चिट्ठी भेजी जा रही है। इस पर कार्यवाही आबकारी विभाग करेगा। जिसमें इनका बार लाइसेंस भी निरस्त हो सकता है।



