खूबसूरत जगह घुमाने का झांसा देकर महिला टूरिस्ट से दुष्कर्म-हत्या के आरोपी दोषी करार:2018 में लातविया से केरल आई थी महिला

केरल। में लातविया से आई एक महिला टूरिस्ट का रेप कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम सेशन कोर्ट ने दो आरोपियों को दोषी ठहराया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला 2018 का है। महिला टूरिस्ट तिरुवनंतपुरम के पास कोवलम से लापता हो गई थी।

कोर्ट ने दोनों आरोपी उमेश और उदयन को भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत दोषी करार दिया है। 5 दिसंबर को अगली सुनवाई होगी, जिसमें आरोपियों को सजा सुनाई जाएगी।

खूबसूरत जगह घुमाने का झांसा देकर ले गए थे
14 मार्च 2018 को 33 साल की महिला टूरिस्ट कोवलम से लापता हो गई थी। 38 दिन बाद यानी 20 अप्रैल को महिला का शव तिरुवल्लम में मैंग्रोव जंगल में मिला था। स्थिति ऐसी थी कि शव पूरी तरह सड़ चुका था और उसका सिर भी गायब था। इसके बाद मामला पुलिस में पहुंचा।

जांच में पता चला कि उमेश और उदयन महिला को ये कहकर एक जंगल में लेकर गए थे कि वह उसे सुंदर जगह घुमाने ले जा रहे हैं। वहां ले जाकर महिला को ड्रग्स दी और उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को 3 मई 2018 को गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुलिस बोली- जांच में लोगों ने नहीं की मदद
पुलिस ने कहा कि हम खुश हैं कि दोषियों को सजा मिली। हमारे सामने ये मामला बहुत ही चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि स्थानीय लोगों ने जांच में सहयोग नहीं किया। मामला एक विदेशी महिला का है। हमने कोशिश की कि उसके परिवार को इंसाफ दिला सकें।

आरोपियों पर IPC की धारा 302 (हत्या), 376 (बलात्कार) और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत आरोप लगाए गए थे।

महिला के लापता होने के बाद उसके पति और बहन केरल आए थे। यहां उसे ढूंढने की कोशिश में पोस्टर्स भी छपवाए थे।

महिला को ढूंढने के लिए पति-बहन केरल आए थे
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला के लापता होने के बाद उसके पति और बहन केरल आए थे। उन्होंने महिला के लापता होने की रिपोर्ट लिखवाई थी। इस दौरान वह कई दिनों तक केरल में ही रहे। महिला को ढूंढने के लिए पोस्टर्स भी छपवाए। जांच के दौरान महिला की लाश जंगल में मिली थी। मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। बाद में साफ हुआ कि मुख्य दो आरोपी उमेश और उदयन हैं।