Ambikapur News : एक दिन में चार गांजा विक्रेताओं को पकड़ा।

Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के नवागढ़ क्षेत्र में भी खुलेआम गांजा की बिक्री की जा रही है।इस अवैध कारोबार में कुछ परिवार संलिप्त हैं। एक- दो लोगों ने तो गांजा के अवैध कारोबार से बड़ी संपत्ति भी खड़ी कर ली है।

अंबिकापुर: शहर के घुटरापारा , खैरबार क्षेत्र में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों , गांजा बिक्री को लेकर नईदुनिया द्वारा खबर प्रकाशन के बाद आखिरकार पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। रविवार को पुलिस ने क्षेत्र में लंबे समय से गांजा की बिक्री करने वाले चार लोगों पोरस नायक , मुन्ना कुमार गुप्ता, अताउल्ला हासमी व विवेक उपाध्याय को पकड़ लिया। इनके पास से आठ किलो गांजा बरामद किया गया है। ये चारों आरोपित खुद गांजा का सेवन करने के साथ इसकी बिक्री भी किया करते थे।

घुटरापारा रोड में आम बगीचा फुलवारी को इन्होंने अपना अड्डा बना कर रखा था इनकी गतिविधियों से क्षेत्रवासी भी परेशान थे। लगातार सामने आ रही शिकायतों के मद्देनजर नईदुनिया ने प्रमुखता से खबर का प्रकाशन किया।उच्चाधिकारियों के निर्देशन में पुलिस हरकत में आई और एक ही दिन में चार लोगों को पकड़ लिया। शराब और गांजा की अवैध बिक्री के कारण घुटरापारा, खैरबार क्षेत्र में अशांत होते माहौल को लेकर पिछले दिनों नईदुनिया ने खबर का प्रकाशन किया था। खुलेआम गांजा और शराब सेवन कर असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों से क्षेत्रवासियों के परेशान होने संबंधी खबर को उच्च अधिकारियों ने गंभीरता से लिया। कोतवाली पुलिस को ऐसे तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने सूचना तंत्र को मजबूत किया।

इसका फायदा यह हुआ कि पुलिस को सूचना मिली कि पोरस नायक नामक व्यक्ति अपने साथी मुन्ना गुप्ता एवं अन्य दो व्यक्तियों के साथ प्लास्टिक झोला एवं पिट्ठू बैग में गांजा रखकर बिक्री हेतु घुटरापारा खैरबार नर्सरी रोड के पास ग्राहक की प्रतीक्षा कर रहा हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। इसके बाद इनके बैग की तलाशी ली गई तो आठ किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपितों में पोरस नायक ( 25) घुटरापारा , मुन्ना कुमार गुप्ता (34) साकिन खैरबार रोड घुटरापारा, अताउल्ला हासमी ( 26)मायापुर, व विवेक उपाध्याय चांदनी चौक मायापुर शामिल है। इनमें से एक आरोपित पहले भी पकड़ा गया था। यह सभी लंबे समय से गांजा की अवैध बिक्री कर रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से घुटरापारा, खैरबार क्षेत्र में रहने वाले लोगों को थोड़ी राहत मिली है।इनके कारण बाहरी लोग भी गांजा खरीद- बिक्री के लिए क्षेत्र में पहुंच रहे थे।

नवागढ़ क्षेत्र में भी गांजा की खुलेआम हो रही बिक्री

अंबिकापुर शहर के नवागढ़ क्षेत्र में भी खुलेआम गांजा की बिक्री की जा रही है।इस अवैध कारोबार में कुछ परिवार संलिप्त हैं। एक- दो लोगों ने तो गांजा के अवैध कारोबार से बड़ी संपत्ति भी खड़ी कर ली है।क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कुछ पुलिस कर्मचारियों को गांजा के अवैध कारोबार की पुख्ता जानकारी भी है लेकिन वे कार्रवाई नहीं करते।स्कूल – कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चे भी यहां गांजा खरीदने के लिए पहुंचते हैं. नवागढ़ के लोगों ने भी गांजा की अवैध बिक्री करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस से आग्रह किया गया है कि यदि क्षेत्र में आकर मोहल्लेवालों से पूछताछ की जाए तो सारी सच्चाई सामने आ जाएगी।