रायपुर : महादेव ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा एप के बड़े बुकी नवीन बत्रा की गोवा से गिरफ्तारी के बाद से छत्तीसगढ़ के सटोरियों की नींद उड़ी हुई है। ऑनलाइन सट्टे पर कार्यवाही के बाद से नवीन फरार चल रहा था। पिछले दिनों लोगों की व्यक्तिगत पहचान संबंधी दस्तावेज लेकर फर्जी खाते खुलवाने वाले गैंग के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद नवीन बत्रा का नाम सामने आने पर पुलिस सक्रिय हुई थी। इसी बीच गोवा पुलिस ने उसे एक फाइव स्टार होटल में 11 साथियों के साथ घेरा। शनिवार को रायपुर लाने के बाद नवीन से रातभर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने सट्टे के खेल से जुड़े अलग-अलग पैनल के 12 से अधिक सटोरियों के नाम उगले है।
आज सुबह छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने फिर छापेमारी की है। रायपुर, रायगढ़ और दुर्ग-भिलाई में सट्टा कारोबार से जुडे 8 लोगों के घर छापा मारा गया है। रायपुर में तीन जगहों वॉलफोर्ट सिटी, स्वर्ण भूमि और अशोका रत्न में छापा मारा गया है। अशोका रत्न में रहने वाले ज्वेलरी और पेट्रोल पंप संचालक के दो ठिकानों पर दबिश दी गई है। सीआरपीएफ के जवानों के साथ ईडी की टीम कारोबारी के निवास में पहुंची है।
भिलाई के फरीद नगर निवासी ट्रांसपोर्टर के यहां भी कार्यवाही की गई है। दुबई से पैसों के हवाले का लिंक मिला था। भिलाई स्थित सूर्या विहार कॉलोनी में दिलीप चंद्राकर के घर भी छापा मारा गया है। दिलीप भिलाई में कारोबार संभालने वाला सौरभ चंद्राकर का चाचा है। दुर्ग में सागर सिंह के निवास पर मीडिया कर्मियों से ईडी अफसरों की बहस हो गई। कवरेज कर रहे मीडिया कर्मी का हाथ पकड़कर मोबाईल छीनने की कोशिश की गई है। मोबाइल से वीडियो डिलीट करवाया गया है। सभी जगहों पर मीडिया को कवरेज करने पर रोक लगाई गई है।
दुर्ग में जमीन खरीदी बिक्री का काम करने वाले मोहम्मद सद्दाम के भिलाई निवास पर ईडी ने कार्यवाही की है। फरीदनगर स्थित निवास में चार ईडी के अधिकारी सहित सीआरपीएफ के जवान मौजूद रहे। भिलाई में ही रवि उप्पल के भाई रोहित उप्पल और सन्नी सतनाम के यहां भी छापा पड़ा है। इस छापे से से जहाँ सटोरियों की नींद उड़ी हुई है, वहीँ ED अपनी कार्यवाही लगातार तेज कर रही है।
यहां दी गई दबिश
स्वर्णभूमि स्थित वकील पीयूष भाटिया के घर दबिश।
अशोका रत्न के अंदर 32 बंगला में कारोबारी दमानी के यहां कार्यवाही।
भिलाई स्थित फरीद नगर में मोहम्मद सद्दाम के यहां रेड पड़ी है। पिछले दिनों सट्टा मामले में भी फंसा था।
भिलाई में रवि उप्पल के भाई रोहित उप्पल और सन्नी सतनाम के यहां भी छापा मारा गया है।
दिलीप चंद्राकर, भिलाई के सूर्याविहार कॉलोनी।
सट्टे में अग्रिम जमानत ली तो जालसाजी में किया गिरफ्तार :
नवीन बत्रा काफी चालाक खाइवाल है। उसे पकड़वाने में महावीरनगर, शंकरनगर क्षेत्र के उसके खास दोस्तों ने पुलिस की मदद की थी। पंडरी और सिविल लाइन पुलिस थाने में सट्टा, जुआ का केस दर्ज होने पर उसने गिरफ्तारी से बचने कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी। पुलिस ने भी उसके दांव के उलट खमतराई थाने में दर्ज जालसाजी के केस में गिरफ्तारी की।
शीमर्स क्लब का संचालक नितिन मोटवानी जमानत लेकर फरार :
सिविल लाइन और पंडरी पुलिस ने पांच अगस्त को शीमर्स क्लब के संचालक नितिन मोटवानी और उसके साथी सागर जैन को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन दो दिन बाद उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। जेल से छूटने के बाद से दोनों गायब है। पुलिस ने उनके साथी रायगढ़ के सानू बेरीवाल, करण अग्रवाल, दीपक भूटानी उर्फ सिंधी, एजाज उर्फ मन्नू के अलावा नवीन बत्रा, अजय जैन और ओडिशा के फैजू को आरोपी बनाया है। नवीन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को अब बड़े खाइवाल अरुण अग्रवाल, अतुल अग्रवाल की तलाश है।