रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 21 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है. दूसरी ओर कांग्रेस के टिकट दावेदारों को अब भी लिस्ट का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने लिस्ट को लेकर बड़े सस्पेंस खत्म कर दिए हैं। कांग्रेस प्रत्याशियों की लिस्ट को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज का बयान सामने आया है, जिसको लेकर प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा शुरू हो गई है।
दीपक बैज ने भाजपा की ओर से जारी लिस्ट पर तंज कसा है, उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो लिस्ट जारी की है उससे वो जीत नहीं पाएगी। उनके पास हारने वाली सूची है, क्षेत्र में कैंडिडेट्स उस पर विरोध कर रहे हैं। कई कार्यकर्ता पार्टी से इस्तीफा दे रहे हैं और कई पार्टी का बहिष्कार भी कर रहे हैं। कांग्रेस की लिस्ट को लेकर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की ओर से सिर्फ जीतने वाले कैंडिडेट्स को ही टिकट दिया जाएगा। कांग्रेस की पहली लिस्ट 10 सितंबर के बाद जारी हो सकती है। इस पर विचार मंथन हो रहा है।
प्रधानमंत्री पर साधा निशाना :
पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर दीपक बैज ने कहा कि मन की बात में मणिपुर पर बात होनी चाहिए। मोदी घंटों मन की बात कर देश की जनता से टाइम पास कर रहे हैं। देश के मुद्दे पर बोलने के लिए उनके पास वक्त नहीं है, वे जनता के काम की बात नहीं करते हैं। भाजपा की कांवड़ यात्रा को लेकर दीपक बैज ने कहा कि हम भाजपा की आस्था 15 साल तक देख चुके है, वे राम के नाम पर वोट मांगते हैं, राम के नाम पर एक ईट भी उन्होंने नहीं रखी। भाजपा अब जनता को बेवकूफ बनाने का खेल ख़तम हो चुका है।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
दीपक बैज ने आगे कहा कि कांग्रेस के राज में कई धार्मिक स्थलों का विकास हुआ है, राम वन पथ गमन का विकास हुआ है।भाजपा को चुनाव के समय आस्था याद आती है 15 साल उन्होंने आखिर क्या किया? ट्रेनों के रद्द होने और देर से चलने को लेकर दीपक बैज ने कहा कि केंद्र ने सुविधाओं में विस्तार करने बात कही थी, लेकिन ट्रेन लगातार रद्द हो रही हैं। रेल मंत्रालय ठीक से मेंटेन नहीं कर पा रहा है। कांग्रेस इस पर रणनीति बना रही है, इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन होगा, भाजपा के सांसदों को ट्रेन के बारे में बोलते नहीं देखा, रेल्वे में भाजपा सरकार पुरे तरीके से फेल है।