छुगानी की दावेदारी पर सिन्धी समाज में दो फाड़, गोविंद वाधवानी ने कहा छुगानी की दावेदारी को व्यक्तिगत समर्थन, समाज का नहीं। प्रकाश बजाज ने कहा सामाजिक तौर पर किसी व्यक्ति विशेष का समर्थन उचित नहीं।

रायपुर : शनिवार को पूर्व CM रमन सिंह से मुलाकात कर सिंधी समाज के कुछ लोगों ने सतीश छुगानी का समर्थन किया था। इसके बाद ही बयानबाजी तेज हो गई। सतीश छुगानी का कहना है कि, इसी दौरान संत जी से भी बात की गई थी। रायपुर उत्तर पिछली बार की तरह इस बार भी हाईप्रोफाइल सीट बन गई है,। टिकट दावेदारी को लेकर सिंधी समाज में अलग-अलग राय सामने आ रही है, सबकी बातिन में विरोधाभास है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को सतीश छुगानी के समर्थन में समाज के कुछ लोगों ने रमन सिंह से मुलाकात की थी। उन्होंने सतीश छुगानी को टिकट देने साथ ही समाज में कुछ और सीटों पर भी प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी थी। जिसके बाद दल्ली राजहरा पंचायत अध्यक्ष गोविंद वाधवानी का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा कि, यह किसी सिंधी पंचायत या समाज की तरफ से समर्थन नहीं है। सिर्फ कुछ लोगों का व्यक्तिगत समर्थन है।

साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि, संत जी ने भी रमन सिंह से फोन पर कोई बात नहीं की। ऐसी कोई भी बात नहीं हुई है। गोविंद वाधवानी ने कहा कि, संगठन का नाम लेकर कोई भी समर्थन ना लें, कोई भी दावेदार व्यक्तिगत रूप में ही समर्थन ले। सामाजिक तौर पर समाज के प्रतिनिधि को टिकट दिलाने की मांग की जा सकती है।

सतीश छुगानी ने कहा :

वीडियो सामने आने के बाद सतीश छुगानी ने कहा कि, इस वीडियो का खंडन करता हूं। मुलाकात के दौरान वे नहीं थे तो इतनी प्रमाणिकता से बात कैसे कर सकते हैं। मैंने अपने मोबाईल से बात कराई है और मुझे झूठ बोलने की जरूरत नहीं। यह सिर्फ किसी विरोधी पक्ष की ओर से बदनाम करने की साजिश है। मैं अपनी बातों पर कायम हूं।

वहीं जब सिंधी समाज एक मंच संगठन महामंत्री अनूप मसंद से बात की गई तो, उन्होंने सतीश छुगानी को सत्ता पक्ष कांग्रेस पार्टी से समर्थित बता दिया। कहा कि, पहले भी वे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे हैं। ऐसे में वे सिंधी समाज की ओर से कैसे भाजपा की टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं मसंद ने खुद को भी उत्तर से भाजपा की टिकट का प्रबल दावेदार बता दिया।

इधर शंकर नगर पंचायत के प्रह्लाद शादीजा ने कहा कि, समाज के कुछ लोगों का प्रतिनिधिमंडल रमन सिंह से मिला है। व्यक्तिगत तौर पर लोगों ने अपना समर्थन भी सतीश छुगानी को दिया है। लेकिन अगर पंचायत या समाज की तरफ से भी समर्थन दिया जाता है तो इसमें कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने कहा सामाजिक तौर पर टिकट के लिये किसी व्यक्ति विशेष का समर्थन उचित नहीं :

भाजपा नेता प्रकाश बजाज ने कहा मै किसी का विरोध नहीं कर रहा हूँ, समाज के नाम पर टिकट मांगना उचित है, लेकिन व्यक्ति विशेष का समर्थन उचित नहीं है, आप किसी भी पार्टी से समाज के नाम पर राजनैतिक व्यक्ति को टिकट देने की मांग कर सकते है, लेकिन किसी का नाम आगे करना सही नहीं है, इससे समाज में विरोधाभास की उत्पत्ति होती है, आपस में फूट पड़ती है, इससे समाज के नाम पर गलत सन्देश जाता है, सभी संस्थायें अपने – अपने प्रतिनिधि को टिकट देने की मांग करेंगे तो सामाजिक एकता खंडित दिखेगी और जो लाभ मिलना चाहिये वो नहीं मिल पायेगा।