पुलिस चेकिंग के दौरान चॉकलेट व्यापारी नरेश तलरेजा से लाखों रूपये बरामद, पुलिस ने दी आयकर विभाग को जानकारी, दूसरी चेकिंग में पकड़ाये तीन लोग।

रायपुर : चुनाव की घोषणा से पहले पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान बढ़ा दिया है। ब्लैकमनी, शराब और अन्य वस्तुओं के अवैध परिवहन की आशंका में वाहनों की जांच शुरू कर दी है। रायपुर में एक व्यापारी के बैग से सोमवार को पुलिस ने लाखों रुपए जब्त किए हैं। ये रुपए पुलिस को सड़क पर वाहनों की चेकिंग के दौरान बरामद हुए। रुपयों के बारे में पूछने पर व्यापारी स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। व्यापारी ने खुद को चॉकलेट फैक्ट्री का मालिक बताया है। मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है कि व्यापारी नरेश तलरेजा ने अपनी स्कूटी के डिक्की में रुपयों से भरा बैग रखा था। दोपहर करीब 2:30 बजे मौदहापारा पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही है। तभी पुलिस ने व्यापारी को रोका। तलाशी के दौरान बैग से साढ़े 11 लाख रुपए बरामद हुए। जिसको लेकर पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी है।

दूसरे केस में पकड़ाये तीन लोग :

चेकिंग के दौरान सोमवार को गंज और मौदहापारा इलाके में पुलिस ने अवैध रूप से ले जा रहे 80 लाख रुपए से ज्यादा रकम जब्त किया है। इसमें चार लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। उनसे रकम के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

कार में 68 लाख कैश :

गंज पुलिस और एसीसीयू की टीम तेलघानी नाका के पास वाहनों की चेकिंग में लगी थी। इस दौरान कार में तीन लोग सवार थे। शक के आधार पर वाहन को रोका गया। कार में रखे तीन बैग की जांच की गई, तो उसमें 68 लाख 44 हजार रुपए रखे हुए थे। रकम के संबंध में कार सवार देवपुरी निवासी अनूप माखीजा, अमलीडीह निवासी मनोज मंत्री और राजनांदगांव निवासी रितेश नागदिया से पूछताछ की गई। तीनों कुछ बता नहीं पाए। पूरी रकम को पुलिस ने धारा 102 के तहत जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्यवाही जारी है।