रायगढ़ : एक्सिस बैंक में डकैती को लेकर हड़कंप मच गया था, यह डकैती 5 करोड़ से ज्यादा की थी, जहाँ डकैतों ने बैंक मैनेजर को चाकू मारकर लहूलुहान भी कर दिया था, अब ये डकैत पकड़ में आ गये है, बलरामपुर पुलिस की सक्रियता से पकड़े गए । रायगढ़ पुलिस अधीक्षक सदानन्द कुमार के नेतृत्व में रामानुजगंज पहुंची रायगढ़ पुलिस सभी डकैतों को लेकर रायगढ़ रवाना हो गई। पुलिस ने आरोपियों को छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पकड़ा है। आरोपियों के पास से ओडिशा नंबर की एक ट्रक और क्रेटा कार बरामद हुई है। इसी ट्रक में लूट के गहने और कैश बरामद हुआ है।
मानुजगंज में छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर चेकपोस्ट पर देर रात पुलिस ने एक ट्रक की जांच की तो उसमें कैश और सोना बरामद हो गया। ट्रक के आगे चल रही क्रेटा कार को भी रुकवाया गया था।
रायगढ़ एक्सिस बैंक डकैती में झारखंड व बिहार के डकैतों का पेशेवर गिरोह शामिल था। घटना के बाद क्रेटा कार व ट्रक से भाग रहे पांच डकैतों निशांत कुमार उर्फ पंकज कुमार महतो (32) ग्राम खरखरी मधुवन धनबाद झारखण्ड,राकेश गुप्ता (21) बार नकनुष्पा थाना शेरघाटी जिला गया बिहार,अमरजीत कुमार दास निवासी भरारी थाना शेरघाटी जिला गया बिहार (क्रेटा मालिक), उपेन्द्र सिंह (50) निवासी कनौदी थाना गुरुवा गया बिहार तथा राहुल दास ( 28) को झारखंड की सीमा पर स्थित रामानुजगंज में गिरफ्तार कर लिया।
डकैतों के पास से पुलिस ने घटना में क्रेटा क्रमांक जेएच 01पीई 8641, ट्रक क्रमांक ओडी 09बी 3677 के साथ डकैती का चार करोड़ 18 लाख 46 हजार 435 रुपये नकद व सोने के आभूषणों के 72 नग छोटे पैकेट एवं छह नग बड़े पैकेट बरामद कर लिया है। इनके पास से तीन देशी पिस्टल व चार कट्टा बरामद किया गया है।
घटना में ये शामिल थे ये बदमाश :
1. निशांत कुमार उर्फ पंकज महतो (32) झारखंड
2. राकेश गुप्ता (21) बिहार
3. अमरजीत कुमार दास, बिहार (क्रेटा मालिक)
4. नीलेश रविदास (26) रांची
5. सुनील पासवान (35) रांची
6. उपेंद्र राजपूत (50)कदौनी, बिहार
7. राहुल दास (28)
8. अमित रविदास (40) बिहार
9. पवन कुमार (26) बिहार
10. विष्णु पासवान (45) बिहार
दो माह से बना रहे थे डकैती की योजना :
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि रायगढ़ एक्सिस बैंक में डकैती की प्लानिंग एक माह से अधिक समय से कर रहे थे। आरोपियों ने एक्सिस बैंक की अच्छे से रेकी भी की थी। घटना को अंजाम देने के बाद भागने के लिए उन्होंने ओडिशा नंबर की ट्रक को 13 लाख रुपए में खरीदकर घटना में शामिल आरोपी ड्राइवर उपेंद्र सिंह को दे दिया था। उपेंद्र पूर्व में जिंदल प्लांट रायगढ़ से सामान ढोने का काम करता था।
एक्सिस बैंक में पांच करोड़ 62 लाख की डकैती
आधा दर्जन नकाबपोश युवकों ने मंगलवार की सुबह लगभग पौने नौ बजे फिल्मी अंदाज में शहर के ढिमापुर स्थित एक्सिस बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। डकैत बैंक के मैनेजर अभिषेक केडिया सहित अन्य कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर यहां चेस्टरुम के लाकर में रखे सोने समेत पांच करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक राशि लेकर फरार हो थे। डकैत के हमले से बैंक के मैनेजर के जांघ व कमर में चोट आई थी।
कई राज्यों में डकैती की घटना में संलिप्तता की संभावना :
रायगढ़ के एक्सिस बैंक में हुई लगभग छह करोड़ की डकैती में शामिल डकैतों के पेशेवर होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस गिरोह के सदस्यों द्वारा झारखंड, बिहार व पश्चिम बंगाल में भी लूट तथा डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर क्षेत्र में व्यवसायी से दिनदहाड़े लाखों रुपये की लूट हुई थी।