इस घटना को लेकर सटोरिया नंदू लालवानी और उसके तीन गुर्गों को पुलिस ने भेजा जेल।

तिल्दा-नेवरा : सटोरियों ने वसूली के लेकर उत्पात मचाया और मारपीट की, जिसको लेकर सटोरिया नंदू लालवानी और उनके तीन गुर्गों को तिल्दा पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर जेल भेज दिया है। दो दिन पहले सट्टे के पैसे मांगने आए लोगों के साथ जमकर मारपीट की थी और उसके बाद थाने में दबंगई दिखाते हुए नंदू और उसके बेटे ने जमकर हंगामा किया था। नंदू लालवानी की दबंगई से क्षेत्रवासी भी काफी परेशान थे। पुलिस थाने के अंदर स्टाफ की मौजूदगी में जिस प्रकार नंदू लालवानी ने दबंगई दिखाई थी, उस दौरान थाना प्रभारी मुकेश शर्मा पुलिस अधिकारियों से मिलने रायपुर आए थे।

वापस आने के बाद उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दोनों पक्षों को थाने बुलाया और नंदू लालवानी को जमकर फटकार लगाई। थाना प्रभारी ने साफ शब्दों में कह दिया गुंडागर्दी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। न ही शहर में सट्टा चलने दिया जाएगा। उन्होंने नंदू और उनके गुर्गो पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए तहसीलदार के समक्ष पेश किया जहां से सभी को रायपुर जेल भेज दिया गया है।