राजधानी की इस कॉलोनी में काम मांगने घुसा युवक और अड़ा दिया कट्टा, और फिर हुआ ऐसा….।

रायपुर : दिनदहाड़े रायगढ़ में डकैती के बाद लोग घटनाओं से सहम गये है, इधर राजधानी के अग्रोहा सोसायटी में बुधवार दोपहर 2 बजे रिटायर वन अधिकारी की पत्नी और पर्यावरणविद सुनीति यादव (66) से कट्टे की नोक पर लूट की कोशिश की गई। जब युवक घर आया तब बुजुर्ग अपनी नातिन के साथ घर पर थीं। युवक ने झांसा दिया कि वह ड्राइवर है। नौकरी की तलाश में घूम रहा है। उन्हें ड्राइवर की जरूरत है क्या? बुजुर्ग ने उससे नाम, पता पूछा और ड्राइविंग लाइसेंस व आधार कार्ड ले लिया और अगले दिन आने के लिये कहा।

तभी युवक ने कहा कि उसे प्यास लगी है और फिर वह जबरदस्ती मकान के अन्दर आ गया। पानी पीने के बाद उसने जेब से कट्टा निकाला और बुजुर्ग महिला के ऊपर अड़ा दिया। उसने धमकी दी कि घर में जो भी सोने-चांदी के जेवर व कैश हैं, दे दो, नहीं तो जान से मार दूंगा। तभी गेट के पास बाहर एक बाईक आकर रूकी। युवक गेट की तरफ गया। तब बुजुर्ग महिला तुरंत मकान के भीतर चली गई और दरवाजा बंद कर दिया। उन्होंने तुरंत बेटे-बेटी को फोन लगाया। इस दौरान युवक वहां से भाग निकला, इस घटना से बुजुर्ग महिला सकते में आ गई।