इंदौर (म.प्र.) : इंदौर में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कुलकर्णी नगर में जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मैडम सोनिया गांधी हमने संकल्प लिया है कि सनातन धर्म को समाप्त करने वालों की हम राजनीति समाप्त कर देंगे। शक आए, हूण आए, मुगल आए लेकिन सनातन धर्म को कोई समाप्त नहीं कर पाया। कमलनाथ द्वारा बंद की गई योजनायें मैंने वापस चालू कर दी है। अब कोई भी कॉलोनी अवैध नहीं रहेगी। इस यात्रा के जरिए मैं जनता से आशीर्वाद मांगने आया हूं। लोग पत्थर की मार से घायल होते हैं लेकिन आज फूलों की मार ने मुझे घायल कर दिया। यात्रा में जनता का काफी आशीर्वाद मिल रहा है जनता का उत्साह प्रेम और स्नेह बरस कर सामने आ रहा है।
पत्रकारों के जवाब ने मुख्यमंत्री ने कहा :
चुनाव से जनता का कल्याण हो यही हमारा उद्देश्य है। इसे सामने रखकर ही हम चुनाव लड़ेंगे। कमलनाथ की 15 महीने की सरकार थी तब उनके करीबियों के यहां छापे पड़े। पैसा बरामद हुआ, यह दुनिया जानती है। इनसे बड़ा भ्रष्ट कोई हो नहीं सकता। इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार सुनिश्चित है इसलिए आरोप लगा रहे हैं।’
हर विधान सभा में रथ पर सवार हुए विधायक और प्रत्याशी :
इंदौर में जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत सुबह 11 बजे राऊ से शुरू हुई थी। यहां भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा रथ पर सवार हुए। जब यात्रा विधनसभा 4 में पहुंची तो विधायक मालिनी गौड़ और विधानसभा 1 पहुंचने पर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता रथ पर सवार हुए इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें सबसे आगे खड़ा कर दिया। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा के पोस्टर जगह-जगह लगे थे। पोस्टर में पार्टी से इस्तीफा दे चुके प्रमोद टंडन के फोटो भी बैनर पर लगे होने से कहा जा रहा है कि पार्टी ने अभी टंडन का इस्तीफा मंजूर नहीं किया है और पोस्टर उनके इस्तीफा देने के पहले ही छप गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की रथयात्रा को भरपूर प्रतिसाद मिल रहा है।