ग्वालियर (म.प्र.) : प्रजापति मोहल्ले एक परिवार ने गणेश पंडाल बनाया है, जहाँ मोहल्ले वासियों के साथ गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जा रहा था, जहाँ बदमाशों ने गणेश पंडाल में मां, बेटे और दो अन्य लोगों पर तलवार-लाठी से हमला कर दिया। आरती में साउंड सिस्टम बजाने से हमलावर नाराज हो गए थे। वे आरती के बीच तलवार, लाठी और सरिया लेकर मां-बेटे पर टूट पड़े। बचाने आए दो अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की। घटना मंगलवार रात गेंडेवाली सड़क पर प्रजापति मोहल्ले की है। जहाँ पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास में केस दर्ज किया है। महिला के घायल बेटे को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जनकगंज थाना क्षेत्र के गेंडे वाली सड़क स्थित प्रजापति मोहल्ले की उर्मिला यादव ने घर के पास ही गली में गणेश प्रतिमा की स्थापना की है। परिवार ने पुलिस को शिकायत में बताया कि मंगलवार रात 9.30 बजे गणेश पंडाल में आरती की तैयारी चल रही थी। साउंड सिस्टम जैसे ही चालू किया तो पास ही रहने वाले सलमान खान, छोटू खान आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी हमले पर आमादा हो गए। उस समय उन्हें समझाकर रवाना कर दिया गया। इसके कुछ देर बाद जब आरती चल रही थी, तभी सलमान, छोटू, इरफान, परवेज और अन्य लोग आए और हमला कर दिया। सलमान के पास तलवार थी जिससे उसने हमला कर दिया।
जान से मारने की धमकी देकर भागे आरोपी :
उर्मिला ने FIR में बताया – परवेज ने बेटे के माथे पर तलवार से हमला कर दिया था। मैं बचाने दौड़ी तो इरफान ने मुझे लाठी मारी। मेरे दाहिने हाथ के पंजे पर चोट आई। वहां जसवंत खटीक आया तो छोटू ने उस पर तलवार से हमला किया। उसके बाएं हाथ की अंगुलियों से खून निकल आया। बचाने आए श्याम को भी तलवार लगी। हमले के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। घटना के बाद रात से ही गणेश पंडाल सूना पड़ा है और लोग काफी दहशत में हैं। जिस क्षेत्र में घटना हुई है, वो शहर का संवेदनशील क्षेत्र है। यहां गणेश उत्सव, नवदुर्गा उत्सव और ताजियों के दिनों में जरा सा तनाव बड़े विवाद में बदल जाता है। इस घटना से आस – पास के रहवासियों में दहशत फैली हुई है, लोग गणेश पंडाल में जाने से घबरा रहे है, त्यौहार का माहौल ख़राब हो गया है।
पुलिस तलाश रही सीसीटीवी फुटेज
जहां घटना हुई है, वहां पास ही एक स्कूल में CCTV कैमरे लगे हैं, लेकिन फिलहाल स्कूल में ताला लगा हुआ है। स्कूल संचालक का फोन लग नहीं रहा है। इस कारण पुलिस को घटना के लाइव फुटेज नहीं मिल पा रहे हैं। पुलिस ने रात को हंगामे के दौरान के कुछ वीडियो स्थानीय लोगों से मांगे हैं, लेकिन कोई भी वीडियो सामने नहीं आया है। जनकगंज थाना प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि घायलों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर पुलिस जवान तैनात कर दिए गए हैं। हमलावरों को जल्द पकड़ लिया जायेगा। हमलावर उसी मोहल्ले के रहने वाले है।