छत्तीसगढ़ में बदल सकते है चुनाव की तारीख, ये है इसका कारण….।

रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तारीखों में बदलाव हो सकता है। दरअसल दूसरे चरण की वोटिंग की तारीख में बदलाव की मांग की जा रही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। पहले 20 विधानसभा क्षेत्रों में 7 नवंबर को वोटिंग होगी। इसके बाद 17 नवंबर को दूसरे चरण के लिए मतदान होगा। राजस्थान में भी त्योहारों को ध्यान में रखकर ये बदलाव किया गया है।

दूसरी ओर आस्था का महापर्व छठ की भी शुरुआत 17 नवंबर से हो रही है। छठ पर्व में दूसरे चरण के मतदान की तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसी दिन सूर्य उपासना का महापर्व छठ की भी शुरुआत हो रही है। इस कारण छत्तीसगढ़ में छठ आयोजन समिति ने मतदान करने महिलाओं के नहीं निकलने को लेकर संशय जताते हुए चुनाव आयोग से तारीख बदलने की मांग की है, ताकि दोनों महापर्व शांति से संपन्न हो सके। यदि व्रती महिलाएं वोटिंग के लिए नहीं निकल पाएंगी तो मतदान प्रतिशत में फर्क पड़ सकता है। इसको लेकर चुनाव आयोग मंथन कर सकता है।

हाल ही में राजस्थान में चुनाव की तारीख में बदलाव हुआ है। वहीं अब यह संभावना बढ़ गई है कि छत्तीसगढ़ में भी चुनाव की तारीखों में बदलाव हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो इधर मध्यप्रदेश में भी तारीखों में बदलाव होने के आसार बढ़ जाएंगे। यहां भी 17 नवंबर को वोटिंग होगी। त्यौहार की तिथि को लेकर यह बदलाव संभावित है।