रायपुर : खम्हारडीह पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलते 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी अपने अपार्टमेंट में बैठकर सट्टे में पैसा लगा रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने सूचना मिलते ही छापा मारकर इन्हें पकड़ लिया। अब इस मामले में आगे की कार्यवाही पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि रविवार को जानकारी मिली थी कि सेल्सटैक्स कॉलोनी के अपार्टमेंट में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा एप पर आईडी लेकर मोबाइल फोन में पैसों का दांव खेल रहे है। इसके बाद पुलिस ने छापा मारने के लिए टीम को रवाना किया, जहाँ तीन लोग पकड़ में आये।
एक युवक पहले भी जा चुका है जेल :
पुलिस ने बताया कि इस छापामार कार्यवाही में अपार्टमेंट में तीन लोग करण खेमानी, दीपक सचदेव और आशीष साहू मौजूद थे। ये सभी रायपुर के रहने वाले हैं। पुलिस टीम को आरोपियों के मोबाईल फोन को चेक करने पर मेट्रो, कलर 777 और क्लासिक एक्स99 नाम के ऑनलाईन सट्टा एप मिले। जिसकी आई.डी. से ये सभी सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध एक्ट के तहत कार्यवाही की है। इसमें आरोपी करण खेमानी पहले भी अन्य दूसरे जिलों में सट्टा के मामलों में जेल जा चुका है। इसके ऊपर पहले के केस भी है।
राजधानी के गोलबाजार में भी एक सटोरिया गिरफ्तार :
रायपुर के गोलबाजार थाना पुलिस ने भी शास्त्री बाजार एवरग्रीन चौक से दुर्ग के रहने वाले तेजवंत पाटिल को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने नगद समेत सट्टा-पट्टी जब्त किया है। इस मामलें में भी पुलिस अब आगे की कार्यवाही कर रही है।
SSP ने दे रखें है निर्देश :
सट्टे से सम्बंधित मामलों पर रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने जिले के सभी आला अफसरों और थानेदारों को निर्देश दिए हैं कि जुआ और ऑनलाइन सट्टा पर सख्ती से रोक लगाया जाए। जिसके तहत साइबर पुलिस की टीम की लगातार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है। इस निगरानी में लगातार आरोपी पकड़ में आ रहे है।
हाईप्रोफाईल सट्टा महादेव एप के खिलाफ कार्यवाही के बाद सहमे :
महादेव सट्टा एप को लेकर पुलिस के बाद ईडी ने जिस ताबड़तोड़ तरीके से कार्यवाही की है, इसके बाद सटोरिए पूरी तरह से सहमे हुए हैं। सटोरिए अपनी रणनीति बदलते हुए रायपुर में रहने के बजाय अपने गुर्गों के माध्यम से चोरी छिपे ऑनलाइन सट्टा संचालित करवा रहे हैं। सट्टे के बड़े खाईवाल पुलिस की पहुंच से दूर हैं ये लगातार अपने ठिकाने बदल रहे है।