झाड़ियों के बीच कच्ची शराब बनाते पकड़ाये आरोपी, आबकारी अमले के हत्थे चढ़े , यहाँ का है मामला….।

भोपाल (म.प्र.) राज्य में आचार संहिता लग चुकी है, विधानसभा चुनाव में अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए आबकारी अमले द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापामार कार्यवाही की जा रही है। इसी के तहत शनिवार देर रात आबकारी की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्यवाही कर अवैध शराब को पकड़ा। नई बस्ती गांधी नगर में आरोपी नाले के किनारे झाड़ियों के बीच छिपकर हाथभट्टी शराब बना रहे थे। वहीं कजलीखेड़ा, कालापानी और बोन्दाखे और डोलीउमर समेत एक दर्जन स्थानों पर कार्यवाही की गई। इस दौरान आबकारी अमले ने 650 लीटर हाथभट्टी शराब के साथ 6850 किलो महुआ लाहन बरामद किया। आरोपी भी पकड़ लिये गये है।

आबकारी कंट्रोलर राजेंद्र जैन ने बताया कि गांधी नगर में पारदी समुदाय के लोगों ने हाथ भट्टी में शराब बनाकर कुप्पियों और ड्रमों में भरकर जमीन में गाड़ रखी थी। यहीं झाड़ियों के बीच शराब बनाने के लिए हाथ भट्टियां भी लगाई गई थी। अमले ने गोंडीपुरा नई बस्ती में दबिश देकर 230 लीटर हाथ भट्टी शराब और 2050 किलो लाहन बरामद किया है। मौके पर मौजूद तीन महिलाओं सहित 8 लोगों पर प्रकरण दर्ज किए गये हैं। इसी तरह कजलीखेड़ा और कालापानी से 417 लीटर हाथ भट्टी शराब और 4750 किलो लाहन बरामद किया गया है। यहां मौजूद 10 लोगों पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। सभी को पकड़कर जेल भेज दिया गया है।

बरखेड़ा पठानी बना अवैध शराब बनाने का बड़ा अड्डा :

बरखेड़ा पठानी में अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए आबकारी अमले ने दो जगहों पर एक साथ छापामार कार्यवाही कर देशी-विदेशी शराब बरामद की। यहां के एन2ई सेक्टर निवासी हरिलाल चौरसिया के पास से 58 लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद की गई। श्याम नगर निवासी कांता यादव के पास से भी 35 क्वार्टर शराब बरामद की गई। विभाग द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है। इन्हें भी पुलिस ने पकड़ लिया है।