पलक ट्रेडर्स के मैनेजर को बाइक सवार बदमाशों ने ब्लेड मारकर की लूटपाट, इतने रूपये लूटकर भागे….।

रायपुर : राजधानी में आये दिन होने वाली लूटपाट और चाकूबाजी से आम आदमी से लेकर व्यापारी वर्ग लगातार दहशत में जी रहा है, पिछले वर्ष भी ठण्ड के समय इन बदमाशों के शिकार कई लोग हुये थे, अब इन घटनाओं के बढ़ने आशंका फिर हो गई है। खबर के अनुसार गुढि़यारी के एक दुकान का मैनेजर कोतवाली क्षेत्र में लूट का शिकार हो गया। कारोबार का पैसा बैग में रखकर मैनेजर अपने मालिक को देने जा रहा था। इस दौरान बाईक सवार तीन बदमाशों ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया और नोटों से भरा बैग लूटकर भाग निकले। घायल मैनेजर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एक अन्य घटना में आजाद चौक क्षेत्र में कुछ बदमाश चाकू लेकर एक आदमी का पीछा करते हुए उसके ऑफिस तक पहुंचे थे।

पुलिस के मुताबिक देवेश शर्मा गुढि़यारी के पलक ट्रेडर्स में मैनेजर है। सोमवार की रात करीब 8.30 बजे कारोबार का 70 हजार 700 रुपए बैग में रखकर अपने मालिक किशोर जैन को देने के लिए शैलेंद्र नगर जा रहे थे। इस दौरान रात करीब 9 बजे बैरन बाजार पहुंचा था, उसी दौरान बाईक सवार तीन युवक उसके पीछे से आए। उन्हें कट मारते हुए कुछ दूर आगे जाकर बाईक रोक लिया। इसके बाद उसमें दो युवक नीचे उतरे और देवेश के पास पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए बैग छिनने लगे। उसने बैग देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने ब्लेड से उनके हाथ और पेट पर हमला किया। इससे देवेश के हाथ से बैग छूट गया। दोनों युवक बैग छिनकर अपनी बाईक के पास पहुंचे। तीसरा आरोपी पहले से बाइक चालू करके रखा हुआ था। इसके बाद तीनों भाग निकले। बैग में 70 हजार 700 रुपए, दुकान की चाबी और अन्य दस्तावेज हैं। घटना की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात तीनों बदमाशों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

लूट के इरादे से ऑफिस तक किया पीछा :

इधर एक अन्य घटना आजाद चौक क्षेत्र में हुई। एक स्टील कंपनी में काम करने वाला प्रदीप सिंह दोपहर करीब 12.30 बजे ट्रेन से उतरने के बाद रामनगर होते हुए अपने ऑफिस समता कॉलोनी आ रहा था। उसके हाथ में एक बैग था, बैग में कुछ रकम और जरूरी कागजात थे। रामनगर से निकलते समय तीन लोग चाकू लेकर उसके पीछे लग गए। प्रदीप पैदल ही आ रहा था। युवक उसके साथ गाली-गलौज भी कर रहे थे। किसी तरह वह जल्दी अपने ऑफिस पहुंचा। तीनों युवक ऑफिस के गेट तक पहुंचे। और उसे गाली-गलौज करते रहे। बाद में चले गए, इस अप्रत्याशित घटना से भयभीत प्रदीप ने इसकी शिकायत आजाद चौक थाने में की। प्रदीप का कहना था कि युवक चाकू मारकर लूटपाट के इरादे में थे। उनका आरोप है कि मामले में अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन आजाद चौक टीआई जितेंद्र असैया का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की कार्यवाही की गई है। गौरतलब है कि पुलिस ने कार्यवाही करने का दावा किया गया है, लेकिन आरोपियों का नाम नहीं बताया गया। इस घटना से काफी डरा हुआ था, रामनगर के पास ट्रेनें धीरे होने पर नशेड़ियों के हमलों का डर लगातार बना रहता है, गेट पर खड़े लोगों से कई बार लूटपाट की घटनायें भी हो चुकी है।