रायपुर : कर्ज लेने के बाद आदमी गुलाम बन जाता है, उसके पास पैसा नहीं होता इसलिये वो कर्ज लेता है, लेकिन चूका नहीं पाने के कारण फंसता जाता है, इधर राजधानी में कर्ज देकर अधिक ब्याज वसूलने वालों का आतंक भी कम नहीं हो रहा है। ये लोग अब खुलेआम मारपीट करने से भी नहीं चूक रहे हैं। देवेंद्र नगर चौक जैसे पॉश क्षेत्र में एक महिला और उसके पति ने एक युवक से मारपीट की। युवक ने उससे कुछ कर्ज लिया था। उसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। इसके बाद महिला और उसके पति ने युवक से खुलेआम मारपीट की। इसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने महिला, उसके पति और उसके नाबालिग बेटे के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सांई नगर फाफाडीह निवासी तरनजीत सिंह सलूजा जमीन खरीदी-बिक्री का काम करता है। उसने महावीर नगर निवासी दिव्या शादीजा से कुछ रकम उधार लिया था। कर्ज को लेकर 20 अक्टूबर 2023 को दिव्या ने तरनजीत को अश्लील मैसेज किया था। इसका उसने सम्मानपूर्वक जवाब दिया। इसके बाद 24 अक्टूबर को रात करीब 8.30 बजे उसने फोन करके उसे बेबीलाॅन इन होटल के बाजू स्थित एक्सिस बैंक के पास बुलाया। वह रात 9.45 बजे वहां पहुंचा। इसके बाद दिव्या और उनके पति अजय शादीजा ने कर्ज का पैसा मांगते हुए मां-बहन की गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इस घटना का किसी ने विडियो बना दिया जो वायरल हो गया।
युवक की खुलेआम पिटाई करते देखकर सौरभ श्रीवास्तव और अभिषेक बंसोड़े मौके पर पहुंचे। और युवक का बचाव करने लगे। इसके बाद अजय और दिव्या का नाबालिग बेटा उन युवकों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। खुलेआम मारपीट होते देख लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद मामला शांत हुआ। बाद में दोनों पक्ष गंज थाने पहुंचे। इस बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने लगा। वीडियो में महिला और उसके पति मारपीट करते हुए नजर आ रहे थे। इस कारण पुलिस ने दिव्या, उनके पति अजय और नाबालिग बेटे के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच की गई। वीडियो फुटेज के आधार पर महिला और उसके पति व अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
-आशीष यादव, टीआई, गंज, रायपुर