मोबाईल के अधिक प्रयोग से लोगों में बढ़ रहा गर्दन दर्द, हो रहा आँखों में असर….।

स्वास्थ्य : मोबाईल आज के समय में लोगों की जरूरत से ज्यादा मजबूरी बनते जा रही है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में गलत तरीके से बैठने के कारण कमर दर्द, गर्दन दर्द जैसी समस्या होने लगी है। ऐसे में उन्हें अपने बैठने के तरीके पर ध्यान देने की आवश्यकता है। अधिकांश लोग गर्दन झुकाकर मोबाईल चलाते रहते हैं, जिसके कारण उन्हें यह समस्या आती है। आफिस में देर तक बैठकर काम करने वाले लोगों को भी कमर और गर्दन दर्द से जुड़ी समस्या आने लगती है। ऐसे में उन्हें हर आधे घंटे में अपने शरीर का मूवमेंट करना चाहिए। जैसे उठकर कुछ देर चलना। इससे उन्हें इस समस्या से निजात मिल सकती है।

दर्द को न करें नजरअंदाज :

कई लोग इस दर्द को हमेशा नजरअंदाज कर देते हैं, जिसके कारण उन्हें बाद में समस्या आने लगती है। फिजियोथेरेपी के माध्यम से इसका सफलतापूर्वक निराकरण किया जा सकता है। अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज इसके इलाज के लिए आते हैं। इस दर्द का एक कारण मोटापा भी होता है। इसलिए हमें खानपान पर भी नियंत्रण की आवश्यकता है। इसके अलावा सेहतमंद रहने के लिए सभी को रोजाना करीब 45 मिनट व्यायाम करना चाहिए। इससे भी इस दर्द से छुटकारा मिल सकता है। साथ में रात को बिना तकिये के सोने की आदत डालें।

व्यायाम करने से हम मोबाईल की लत से भी दूर रह सकते हैं। क्योंकि शरीर में जब बदलाव आने लगता है तो हम हमारी सेहत के बारे में जागरूक होने लगते हैं। खासकर युवाओं को इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है। आगे चलकर ये बड़ी समस्या भी बन सकती है।

आँखों पर भी पड़ता है इसका दुष्प्रभाव :

मोबाइल फोन का लगातार इस्तेमाल आपको अंधेपन के नतीजे तक ला सकता है। देर रात तक मोबाईल का प्रयोग करने से सुबह देखने में समस्या हो सकती है, मोबाईल फोन की स्क्रीन से निकने वाली ब्लू लाइट आंखों को पूरी तरह से डैमेज कर सकती है। मोबाइल फोन के देर रात तक इस्तेमाल करने से आपको धीरे-धीरे चीजें धुंधली दिखाई देने लग सकती हैं। आजकल लोगों में यह आम समस्या देखी जा रही है। जब हम लगातार मोबाइल स्क्रीन को देखते हैं तब हमारी पलकें कम झपकती हैं। इससे आंखों में सूखापन आने लगता है क्योंकि आंखों का पानी सूखने लगता है। इस कारण आंखों में खुजली और जलन की समस्या भी होने लगती है। इसके अलावा आंखों की पुतलियां और नसें भी सिकुड़ने लगती हैं। रोशनी के साथ-साथ सिरदर्द की समस्या भी होने लगती है।