रायपुर : चुनाव में महादेव ऐप को लेकर बवाल मचा गया है, भाजपा इसे भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। भाजपा ने महादेव ऐप घोटाले को लेकर एक बार फिर से कांग्रेस और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए यह आरोप लगाया है कि महादेव ऐप घोटाला सिर्फ छत्तीसगढ़ तक ही सीमित नहीं है बल्कि घोटाले के पैसे से कई राज्यों में कांग्रेस की फंडिंग हुई है और घोटाले का यह पैसा कांग्रेस के गांधी परिवार तक भी पहुंचा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए यह आरोप लगाया कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व चुनाव है, जिसे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदूषित कर रहे हैं। भाटिया ने कांग्रेस आलाकमान और गांधी परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भूपेश बघेल कांग्रेस के गांधी परिवार की सेवा कर रहे हैं और महादेव ऐप घोटाले का पैसा कांग्रेस के परिवार तक भी पहुंच रहा है। अभियुक्त कह रहा है कि 508 करोड़ रुपए भूपेश बघेल ने लिए हैं। इस काले धन का उपयोग कांग्रेस चुनावी राज्यों में कर रही है। यह बयान गौरव भाटिया ने भाजपा की तरफ से जारी किया।
भाटिया ने कहा – महादेव ऐप घोटाले के किंगपिन हैं बघेल :
भाजपा प्रवक्ता भाटिया ने जांच एजेंसी की ओर से की जा रही सख्त कार्यवाही का जिक्र करते हुए कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं होता है, कोई भी संवैधानिक पद लूट की गारंटी नहीं देता है और इस घोटाले के किंगपिन को भी बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने भूपेश बघेल को इस घोटाले का किंगपिन बताते हुए कहा कि जल्द ही उन्हें पता चलेगा कि कानून की ताकत क्या होती है। भाजपा प्रवक्ता ने गांधी परिवार के साथ-साथ कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गांधी परिवार और खड़गे गाजा पर तो बोल रहे हैं, लेकिन महादेव ऐप घोटाले पर एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस पर चुप्पी क्यों साधी हुई है? इस बयान से स्पष्ट है कि सत्ता बदलने के बाद राजनैतिक बवाल मचेगा।