रायपुर : राजधानी में पिछले चार दिनों में मामूली बात पर नशेड़ियों और चाकूबाजों ने अलग-अलग घटना में चार लोगों की हत्या कर दी है, इससे राजधानी वासियों में दहशत का माहौल है। मंगलवार की रात पुरानीबस्ती में बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। इससे पहले सिविल लाइन, राजेंद्र नगर और कबीर नगर थाना क्षेत्रों में मर्डर की घटना हुई है। हत्या के सभी मामलों में नशेड़ी और नाबालिग भी शामिल हैं। हत्या की वजह भी कहीं गौरा-गौरी देखने को लेकर झगड़ा, तो कहीं दीया व पटाखा फोड़ने के चलते हुए विवाद हैं। कहीं वाहन टकराने पर विवाद तो कहीं कट मारकर ऑटो चलाने पर विवाद।
बेखौफ हुए नशेड़ी-चाकूबाज :
पुरानीबस्ती से पहले शहर में अलग-अलग स्थानों में तीन हत्यायें हो चुकी हैं। पहली हत्या राजेंद्र नगर में रविवार की रात हुई। 17 वर्षीया आकाश मिश्रा अपने साथियों के साथ गौरा-गौरी कार्यक्रम देखने महात्मागांधी नगर गए थे। वहां मोहल्ले के लड़कों से उनका झगड़ा हो गया। 3 नाबालिग सहित 6 आरोपियों ने मिलकर आकाश की चाकू और लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दिया था। इसके बाद सिविल लाइन इलाके में 13 नवंबर शाम 4.30 बजे। गौरा-गौरी विसर्जन कर लौट रहे 20 वर्षीय लोचन कुमार कुम्हार को चार नशेड़ियों ने रोक लिया। मामूली विवाद के बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे लोचन की मौत हो गई। हत्या करने वालों में 3 नाबालिग शामिल थे।
दीया जलाने को लेकर विवाद में मार डाला :
तीसरा हत्याकांड कबीर नगर का है। 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे घर के बाहर दीया जलाने के दौरान हुए झगड़े के बाद शिवा यदु का राहुल यदु, उसके पिता गज्जू यदु और छोटे भाई ने मिलकर जमकर पिटाई की और चाकू मार दिया। उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। मंगलवार की रात शिवा की मौत हो गई। बुधवार को पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चौथा मर्डर पुरानीबस्ती क्षेत्र का है। ये वो घटनाएँ है जो मिडिया तक पहुँच पाई है, इसके अलावा भी यदि कोई घटना हुई हो और मिडिया ना पहुँच पाई हो तो कहना मुश्किल है, लेकिन ये तय है, नशेड़ी , नाबालिग बदमाशों द्वारा रोज विवाद की ख़बरें सामने आ रही है।
मंगलवार की शाम पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा में तिरंगा चौक निवासी 17 वर्षीय मेहुल सोनी का पड़ोस में रहने वाले सुभान यादव से झगड़ा हो गया। इस दौरान मेहुल ने सुभान की पिटाई कर दी। सुभान वहां से चला गया। रात करीब 9.30 बजे गली में ही कुछ दूर मेहुल अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। उसी दौरान सुभान अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। इसके बाद मेहुल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके साथियों ने भी मेहुल को जमकर पीटा। चाकू के कई वार से मेहुल वहीं ढेर हो गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। घायल मेहुल को लोगों ने एम्स में भर्ती कराया। अस्पताल में मेहुल की मौत हो गई। पुरानीबस्ती पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हर अपराध में शामिल हो रहे है नाबालिग जो करते है नशा :
हत्या, चाकूबाजी हो या अन्य कोई अपराध, सभी में नाबालिगों की संलिप्तता रहती है। चारों हत्याओं में सभी मामलों में नाबालिग भी शामिल हैं। नाबालिगों के आक्रामक होने की बड़ी वजह नशाखोरी है।