अमरेली (गुजरात) : जिले में भाजपा की एक महिला नेता पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। मामला अमरेली जिले के धारी कस्बे का है, जहां किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद भाजपा की महिला पदाधिकारी की उसके पड़ोसियों ने हत्या कर दी। अमरेली जिले के पुलिस अधीक्षक हिमकर सिंह के मुताबिक, यह घटना बुधवार देर रात को हुई। पुलिस ने भाजपा की पदाधिकारी 55 वर्षीय मधुबेन जोशी की हत्या के आरोप में गुरुवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में मधुबेन के बेटे रवि जोशी घायल हो गए हैं।
मधुबेन जोशी भाजपा की एक स्थानीय पदाधिकारी थीं, जिन्होंने इससे पहले पार्टी की अमरेली जिला इकाई के सचिव और धारी तालुका पंचायत के निर्वाचित सदस्य के रूप में कार्य किया था। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय रुशिक मेहता, 20 वर्षीय जयओम मेहता और 18 वर्षीय हरिओम मेहता के रूप में हुई है, जो धारी कस्बे की शिव नगर सोसाइटी में रहते हैं। पुलिस अधीक्षक हिमकर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि तीनों आरोपी मधुबेन जोशी के पड़ोसी है और उनके घर के बाहर हुई एक छोटी सी दुर्घटना को लेकर आरोपियों का मधुबेन और उनके बेटे रवि के साथ झगड़ा हुआ था।
बांह पर गहरे घाव के कारण नस कट गया :
पुलिस अधिकारी ने बताया, “हालांकि, दुर्घटना काफी छोटी थी, तीनों आरोपियों ने पहले भाजपा नेता से बहस की और फिर उन पर और उनके बेटे पर तलवारों से हमला कर दिया। इस हमले में रवि को चोटें आईं हैं, जबकि बांह पर गहरे घाव के कारण नस कट जाने से उनकी मां मधुबेन की मौत हो गई। हमने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।” मधुबेन के दूसरे बेटे रितेश ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके घर के पास पटाखे फोड़ने को लेकर रवि से आरोपियों की बहस हुई थी। रितेश के मुताबिक, बुधवार को जब रवि अपनी बाईक से जा रहा था, तो तीनों आरोपियों ने जानबूझकर उसके दोपहिया वाहन को अपनी कार से टक्कर मार दी थी। रितेश ने कहा, “जब मेरी मां और भाई उन्हें इस हरकत के लिए फटकार लगाने उनके घर गए तो उन्होंने उन पर तलवार से हमला कर दिया। हाथ पर गहरे घाव के कारण मेरी मां की मौत हो गई।” छोटी सी बात का बवाल बनने से भाजपा महिला नेता की मौत हो गई, सभी आरोपी अब पुलिस गिरफ्त में है।