चोरों की गिरफ्त में राजधानी, घर में सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी, राजधानी में लगातार हो रही है चोरियां।

रायपुर : राजधानी में चोरी की वारदात कम नहीं हो रही है। दिवाली पर भी कई जगह चोरियां होने की ख़बरें सामने आई। सरस्वती नगर और माना थाना क्षेत्र में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक चोर ने घर में सो रही महिला के गले से मंगलसूत्र काटकर चोरी कर ले गया, जबकि माना में अज्ञात चोर ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए एक लाख रुपये के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। दोनों घटनाओं में पुलिस जांच कर रही है।

महिला को चोरी होने की भनक नहीं :

पुलिस ने बताया कि सरस्वती नगर के कोटा स्थित सतनामीपारा में रहने वाली भारती पात्रे ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ उसके गले से मंगलसूत्र काटकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया है कि गहरी नींद में होने की वजह से महिला को चोरी होने की भनक नहीं लगी। सुबह नींद खुलने के बाद महिला को गले से मंगलसूत्र काटकर ले जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।

सूने मकान में चोरी :

माना निवासी संदीप मंडल ने अज्ञात चोर के खिलाफ उसके सूने मकान से एक लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई है। संदीप ने पुलिस को बताया है कि वह दीवाली मनाने अपनी पत्नी के साथ पाखंजूर गया था। शुक्रवार को वह वापस लौटा तो देखा कि अज्ञात चोर ने उसके मकान की खिड़की की ग्रिल काटकर और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चुरा लिया है।

माना में चोरी की दूसरी वारदात :

माना थाना क्षेत्र में जमीन ठेकेदार के सूने मकान में पीछे की खिड़की की ग्रील काटकर घुसे चोर 14 लाख के जेवर और सात लाख रुपये नकद उड़ा ले गए। माना कैंप -11 निवासी संदीप मंडल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर तलाश में लगी है।

समता कालोनी में कोयला कारोबारी के घर महज चार घंटे में 15 लाख की चोरी हो गई। हीरा, सोना और चांदी के जेवर व नकदी चोर ले गए।