महिला के फैन्सी स्टोर से एक लाख का सामान पार, ये सब सामान ले भागे चोर….।

रायपुर :  राजधानी रायपुर में चोर लगातार सक्रिय है सूने मकानों और दुकानों को निशाना बना रहे हैं। गुढ़ियारी क्षेत्र के बौद्ध विहार के सामने स्थित एक फैंसी स्टोर में चोरों ने धावा बोलकर करीब एक लाख का सामान पार कर दिया। दुकान संचालक छोटा अशोकनगर निवासी संगीता सोनी की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हालांकि पुलिस का दावा है कि चोरी में लोकल गिरोह का हाथ है। इस चोरी में महिला व्यापारी का अच्छा खासा सामान चोरी हो गया है।

गुढ़ियारी पुलिस थाना के अनुसार छोटा अशोकनगर में प्रार्थी संगीता सोनी की बौद्ध विहार के सामने डॉली फैंसी स्टोर नाम से दुकान है। दुकान में उनकी बेटी डॉली सोनी बैठती है। वह 24 नवंबर को सुबह 10 बजे दुकान खोलने पहुंची तो देखा कि बायें तरफ का शटर उठा हुआ था। शटर को पूरा खोलकर भीतर गई तो आर्टिफिशियल फैंसी व कॉस्मेटिक सामान गायब थे और अन्य सामान बिखरे पड़े थे। इसकी जानकारी डॉली ने तत्काल घर आकर मां संगीता को दी, जिसके बाद संगीता ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

एक लाख का सामान पार कर दिया :

चोरों ने दुकान से सोने का पोलिश लगा 25 हार सेट, 120 नग कंगन का सेट, 18 दर्जन मंगल सूत्र, 60 नग मोती हार सेट, 60 नग चांदी का पालिस लगा पायल, 150 जोड़ी बिछिया, 600 नग कान का टाप्स, 280 नग परफ्यूम, 300 श्रृंगार पैकेट और गल्ले में रखा नगदी 5,600 रुपये सहित कुल एक लाख का सामान पार कर दिया।