रायपुर : छत्तीसगढ़ में भाजपा को बहुमत मिला है। मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होते ही नई सरकार का कामकाज शुरू हो जाएगा। इससे पहले प्रदेश में बुलडोजर वाली सरकार सुर्खियों में आ गई है। दरअसल आज शहर के मोतीबाग के सामने स्थित अवैध चिकन चौपाटी पर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर कार्यवाही की। इस कार्यवाही के बाद नवनिर्वाचित विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने ट्वीट कर लिखा कि अभी तो ये झांकी है पूरा छत्तीसगढ़ बाकी है। बता दें कि बीजेपी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि योगी सरकार की तरह छत्तीसगढ़ में भी अवैध कब्जाधारियों और माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। वहीं आज पहली कार्रवाई करने के ट्वीट कर बृजमोहन अग्रवाल ने इसके संकेत दिए हैं।
जैसे ही सत्ता बदली है वैसे ही आम जनता की समस्याओं को हल करने के लिये विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जुट गये है। अब एक दिन पहले ही सालेम स्कूल की छात्राओं ने बैनर-पोस्टर लेकर चौपाटी हटाने के लिए प्रदर्शन किया था। स्कूल के सामने चौपाटी लगने से दिनभर भीड़भाड़ और शोर शराबे से स्टूडेंट्स की पढ़ाई चौपट हो रही थी। इसके अलावा कुछ लोग स्कूल परिसर के भीतर भी घुस आते थे, जिससे स्कूल का माहौल ख़राब होता था और असामाजिक तत्वों द्वारा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने की शिकायतें भी सामने आई है। राजधानी में अब ऐसी जगहों पर बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। मोतीबाग स्थित सालेम स्कूल के सामने अवैध चिकन चौपाटी पर निगम और पुलिस प्रशासन की टीम ने कार्यवाही की है। बुलडोजर लेकर पहुंची निगम की टीम ने सभी अवैध चौपाटी को हटाया दिया है।
इस दौरान संचालकों का वाद विवाद भी काफी हुआ। उल्लेखनीय है कि स्कूल के मेन गेट से सुभाष स्टेडियम टर्निंग तक अवैध रूप से फास्ट फूड की 40 से 50 दुकानें लगी हैं। इसमें दिन से लेकर देर रात तक खाने-पीने वालों की भीड़ लगी रहती है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। स्चूली छात्र घटनाओं के डर से घबराये रहते थे यहाँ असामाजिक तत्वों का भी जमावड़ा रहता था, छेड़छाड़ से परेशान छात्राओं को फिलहाल आज कार्यवाही होेने से राहत मिली है। साथ ही तत्काल प्रभाव से बैजनाथ पारा में रातभर खुली दुकानों को भी बंद करवा दिया गया है, ये दुकानें भी रात को एक समय के बाद बंद रहेंगी, यहाँ फ़ोर्स को तैनात कर दुकानें बीती रात को बंद करवाई गई।