रायपुर : छत्तीसगढ़ चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में बवाल मचा हुआ है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद अब बगावत भी तेज हो गई है। पूर्व विधायक खुलकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। वहीं वरिष्ठ नेताओं के बचाव में भी कुछ नेता सामने आए हैं। इन सब के बीच कांग्रेस में बचे बवाल को शांत करने के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह को नोटिस जारी किया है। वहीं दूसरी और कांग्रेस सांस्कृतिक साहित्यिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व लोक कलाकार दिलीप षड़ंगी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
दिलीप षड़ंगी ने लगाया उपेक्षा का आरोप :
इस मामले में लोककलाकार दिलीप षड़ंगी ने कांग्रेस पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, पार्टी ने चुनाव जीतने के बाद कभी उनकी जरूरत ही नहीं समझी। चुनाव में भी उन्हें प्रचार से दूर रखा गया। अन्य कलाकारों को भी महत्व नहीं मिला। अब कांग्रेस की हार के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ खुले आरोप लगाना शुरू कर दिया है।