राज्य में मुख्यमंत्री की नियुक्ति के बाद अब मंत्रीमंडल गठन की तैयारी, कल शपथ ग्रहण में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी। ऐसी है भव्य तैयारियां….।

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री नियुक्नेति के बाद अब मंत्रिडल के गठन का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। प्रदेश में भाजपा ने आदिवासी चेहरे विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री के रूप में मनोनीत किया गया है। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत जुटाने वाली भाजपा अब 13 दिसंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को भी ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, केंद्रीय नेताओं सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन मंच बनाए जा रहे हैं। 13 दिसंबर को राजधानी के साइंस कालेज मैदान में दोपहर दो बजे शपथ ग्रहण समारोह है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे।  

शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री के साथ दो उप मुख्यमंत्री समेत 10 मंत्री शपथ ले सकते हैं। मंत्रिमंडल के सदस्यों की नियुक्ति को लेकर मंथन चल रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री डा. मनसुख मांडविया, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन समेत दूसरे राज्यों के कुछ मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

आज पीएम मोदी मुलाकात कर देंगे आमंत्रण :

मुख्यमंत्री नियुक्त होने के दूसरे दिन सोमवार को मुख्यमंत्री साय सुबह राजधानी रायपुर के वीआइपी रोड स्थित भगवान श्रीराम के मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीराम, माता जानकी, हनुमान और शिवजी की पूजा अर्चना कर छत्तीसगढ़ प्रदेश के चहुंमुखी विकास और प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रायपुर पंडरी स्थित प्रदेश कार्यालय जागृति मंडल पहुंचे। उन्होंने संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद वे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जहां मंगलवार को वे प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आने का आमंत्रण देंगे।

50 हजार कुर्सियां और सुरक्षा में एक हजार जवान :

शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग एक हजार पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। रायपुर शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट आदि अन्य जगहों पर सघन जांच अभियान जारी है। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखी जायेगी।

जगह-जगह लगेंगी बड़ी एलईडी स्क्रीन :

समारोह में तीन विशाल मंच बनेंगे। बीच के मंच में शपथ ग्रहण होगा। एक ओर अतिविशिष्ट आमंत्रित व्यक्तियों तथा दूसरी ओर नवनिर्वाचित विधायकों के लिए मंच बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल में विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आमजनों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए जा रहे हैं। ज्यादा से ज्यादा लोग शपथ ग्रहण को देख सके इसके लिए एलईडी स्क्रीन भी लगाई जा रही है।

केवल भाजपा में ही छोटा सा कार्यकर्ता बन सकता है मुख्यमंत्री : विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री साय ने ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाजपा के बूथ, शक्तिकेंद्र, मंडल, जिला, एवं प्रदेश स्तर के 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को उनके परिश्रम से हुई जीत के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हम संपूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे, ताकि छत्तीसगढ़ राज्य देश के बड़े और विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके। जनता ने भाजपा पर भरोसा करते हुए छत्तीसगढ़ का भविष्य बनाने का जिम्मा सौंपा है और छत्तीसगढ़ राज्य की समृध्दि के लिए भाजपा कार्यकर्ता मिलकर कार्य करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, प्रदेश के हर एक कार्यकर्ता ने 54 सीटों पर कमल खिलाने के लिए लगातार मेहनत की है। आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई। केवल भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहाँ एक छोटा सा कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री बन सकता है।