महादेव बेटिंग ऐप का मालिक रवि उप्पल दुबई से गिरफ्तार, भारत लाने की तैयारी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश का भी आया था नाम।

नई दिल्ली : महादेव एप्प में अरबों रूपये की मनी लांड्रिंग की गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश का नाम भी आया है। ऑनलाईन सट्टेबाजी ऐप महादेव के मामले में भारतीय एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। महादेव बेटिंग ऐप केस में इसके सह संस्थापक रवि उप्पल को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में रवि उप्पल के अलावा दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। इंटरपोल ने रवि उप्पल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। जिसके बाद रवि उप्पल को पकड़ा गया है।

इसी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही भारतीय एजेंसियां दुबई सुरक्षा एजेंसियों के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। रवि उप्पल महादेव ऐप मामले के मुख्य आरोपियों में से एक है। उसे जल्द ही भारत भेजा जायेगा। वहीं, महादेव ऐप के दूसरे प्रमोटर और आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के प्रयास भी लगातार जारी हैं। भारतीय एजेंसियां लगातार इन पर अपना शिकंजा कस रही है।

ईडी के साथ-साथ इन राज्यों की पुलिस कर रही जांच :

रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर ने एक बयान में महादेव ऐप और सट्टेबाजी घोटाले में शामिल होने से इनकार कर दिया था।इन लोगों ने इसके लिए शुभम सोनी नाम के शख्स को जिम्मेवार ठहराया है। शुभम सोनी वही व्यक्ति है, जिसने ऐन छत्तीसगढ़ के चुनाव के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पैसे देने की बात कही थी, जिसमें 508 करोड़ रूपये का जिक्र था। इसने खुद को महादेव एप्प का मालिक भी बताया था। इसको लेकर ईडी ने यूएई में भारतीय दूतावास से शुभम सोनी का बयान लिया है। कथित सट्टेबाजी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी के साथ-साथ मुंबई पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस साझेदारी में जांच कर रही है।जांच एजेंसी ने उप्पल और एक अन्य प्रमोटर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग केस में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। इसके बाद ईडी ने इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया था।

कई बड़ी हस्तियों के नाम आए सामने :

महादेव एप्प में तत्कालीन भूपेश सरकार ने कार्यवाही शुरू की थी, जिसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों के नेता जुड़े हुये बताये गये थे, बाद में इसके अंतर्राष्ट्रीय कनेक्शन सामने आये थे। ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले महादेव ऐप केस की जांच कर रही ईडी की रडार पर कई बॉलीवुड और टीवी एक्टर भी आए थे। इस मामले में ईडी ने देश के कई शहरों में छापेमारी करके 417 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी। इस मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम भी उछाला गया।